ऐसे पैसों का क्या करूंगी?साई पल्लवी ने ठुकराया था 2 करोड़ का फेयरनेस क्रीम विज्ञापन, बताई वजह

नई दिल्ली। फिल्म 'रामायण' में सीता के किरदार को लेकर चर्चा में बनीं अभिनेत्री साई पल्लवी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हालांकि इस बार वजह उनकी फिल्म नहीं, बल्कि उनके उसूल हैं। साई पल्लवी ने कुछ साल पहले फेयरनेस क्रीम के एक विज्ञापन के लिए मिले 2 करोड़ रुपए के ऑफर को ठुकरा दिया था। उन्होंने कहा था कि वह ऐसे किसी उत्पाद का प्रचार नहीं करना चाहतीं, जो लोगों को उनके रंग के आधार पर कमतर महसूस कराए।
2019 में मिला था बड़ा ऑफर
रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2019 में साई पल्लवी को फेयरनेस क्रीम के विज्ञापन के लिए संपर्क किया गया था। इसके लिए उन्हें करीब 2 करोड़ रुपए की पेशकश की गई थी। लेकिन उन्होंने बिना देर किए इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। साई पल्लवी का कहना था कि वह बहुत कम मेकअप करती हैं और कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल भी बेहद सीमित करती हैं। उनका मानना है कि लोगों को अपनी प्राकृतिक पहचान के साथ सहज रहना चाहिए। यही वजह है कि वह अपने चेहरे के मुंहासों को भी छिपाने की कोशिश नहीं करतीं।
बहन का अनुभव बना फैसले की वजह
साल 2020 में एक इंटरव्यू में साई पल्लवी ने बताया था कि इस फैसले के पीछे सबसे बड़ी वजह उनकी बहन थीं। उन्होंने कहा कि मेरा रंग मेरी बहन से थोड़ा साफ है। कई बार जब मेरी बहन सब्जियां और फल नहीं खाती थीं, तब मेरी मां उन्हें कहती थीं कि ये सब खाने से उनका रंग गोरा हो जाएगा। यह देखकर मुझे बहुत दुख होता था। मैंने तभी तय किया कि मैं इसके खिलाफ अपनी आवाज उठाऊंगी। साई पल्लवी ने आगे कहा कि मैं ऐसे पैसों का क्या करूंगी जो इस ऐड से मुझे मिलता? अगर मैं ऐसा भी नहीं कर पाई, तो फिर पैसे कमाने का क्या फायदा? मैं घर जाकर तीन रोटी और चावल खा लूंगी।
'अपने रंग और व्यक्तित्व पर भरोसा रखें'
साई पल्लवी ने इंटरव्यू में यह भी कहा था कि वह ब्यूटी प्रोडक्ट्स को एंडोर्स नहीं करतीं। उनके मुताबिक, लोगों को अपने स्किन कलर और व्यक्तित्व के साथ आत्मविश्वास महसूस करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि समाज ने लंबे समय से गोरे रंग को सुंदरता का पैमाना बना दिया है, जिससे उन्हें आपत्ति है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो कलाकार ऐसे विज्ञापनों का हिस्सा बनते हैं या किसी ब्यूटी ब्रांड से जुड़ते हैं, वह उन्हें जज नहीं करतीं।
Aditi Sharma Case: शादी के बाद रिश्ते में आई दरार! पति पर मारपीट और शक करने के आरोप, पुलिस जांच शुरू
मुंहासों को लेकर भी झेला संघर्ष
साई पल्लवी ने यह भी स्वीकार किया था कि एक समय वह अपने चेहरे के मुंहासों को लेकर काफी परेशान रहती थीं। उन्होंने कई तरह की क्रीम का इस्तेमाल किया और लोगों के सामने आने से भी बचती थीं। उन्हें लगता था कि लोग उनकी आंखों में देखने के बजाय उनके मुंहासों पर ध्यान देते हैं। लेकिन फिल्म 'प्रेमम' की सफलता के बाद उनका नजरिया बदल गया। उन्हें महसूस हुआ कि दर्शकों ने उन्हें उनके पिंपल्स के बावजूद पसंद किया। इसके बाद उन्होंने अपनी कमियों को छिपाने के बजाय उन्हें स्वीकार करना सीख लिया। तभी से साई पल्लवी बिना भारी मेकअप के भी कैमरे के सामने नजर आती हैं और अपने प्राकृतिक लुक को ही अपनी पहचान मानती हैं।












