Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Munna Bhai 3: फिर लौटेगी मुन्ना और सर्किट की जोड़ी! फरहाद सामजी लिख रहे हैं फिल्म की स्क्रिप्ट

'मुन्ना भाई 3' को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फरहाद सामजी फिल्म की स्क्रिप्ट लिख रहे हैं और राजकुमार हिरानी इसका निर्देशन करेंगे। जानिए कैसे 'M Bole Toh' गाने से फरहाद सामजी का इस फ्रेंचाइजी से जुड़ाव शुरू हुआ और क्या है मुन्ना भाई की तीसरी फिल्म से जुड़ा पूरा अपडेट।
Munna Bhai 3: फिर लौटेगी मुन्ना और सर्किट की जोड़ी! फरहाद सामजी लिख रहे हैं फिल्म की स्क्रिप्ट

बॉलीवुड की चर्चित फिल्म फ्रेंचाइजी 'मुन्ना भाई' के तीसरे पार्ट का इंतजार कर रहे फैंस के लिए अच्छी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म 'मुन्ना भाई 3' की स्क्रिप्ट पर काम शुरू हो गया है। लेखक फरहाद सामजी इस फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले लिख रहे हैं, जबकि इसका निर्देशन एक बार फिर राजकुमार हिरानी करेंगे। हालांकि, फिल्म की स्टारकास्ट, कहानी और शूटिंग को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

फरहाद सामजी फिर जुड़े 'मुन्ना भाई' फ्रेंचाइजी से

Variety India की रिपोर्ट के अनुसार, फरहाद सामजी 'मुन्ना भाई 3' की स्क्रिप्ट लिख रहे हैं। इस फिल्म के जरिए वह एक बार फिर निर्देशक राजकुमार हिरानी के साथ काम करेंगे। 'मुन्ना भाई' फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2003 में हुई थी। पहली फिल्म 'मुन्ना भाई MBBS' में संजय दत्त ने मुन्ना भाई का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। खास बात यह है कि फरहाद सामजी का इस फ्रेंचाइजी से जुड़ाव पहली फिल्म के गाने से शुरू हुआ था। उन्होंने फिल्म के लोकप्रिय गाने 'M Bole Toh' का शुरुआती हिस्सा यानी मुखड़ा लिखा था।

रात 10 बजे आया था अनु मलिक का फोन

फरहाद सामजी ने 'मुन्ना भाई MBBS' के गाने 'M Bole Toh' से जुड़ने का दिलचस्प किस्सा भी साझा किया था। उनके मुताबिक, एक रात करीब 10 बजे संगीतकार अनु मलिक का फोन आया। उन्होंने अगले दिन होने वाले म्यूजिक सेशन के लिए गाने का मुखड़ा लिखने को कहा। अगले दिन इस गाने को लेकर राजकुमार हिरानी और निर्माता विधु विनोद चोपड़ा के साथ चर्चा होनी थी। उस समय फिल्म में मुन्ना भाई के किरदार के लिए शाहरुख खान के नाम पर विचार किया जा रहा था। ऐसे में फरहाद को ऐसा गाना लिखने की चुनौती मिली, जिसमें मुन्ना भाई की टपोरी भाषा भी हो और वह शाहरुख खान की स्क्रीन इमेज के हिसाब से भी सही लगे। हालांकि, बाद में मुन्ना भाई का किरदार संजय दत्त ने निभाया और यह किरदार उनके करियर की सबसे यादगार भूमिकाओं में शामिल हो गया।

Entertainment

क्या थी 'मुन्ना भाई MBBS' की कहानी?

18 दिसंबर 2003 को रिलीज हुई 'मुन्ना भाई MBBS' एक ऐसे गैंगस्टर की कहानी थी, जिसका असली नाम मुर्ली प्रसाद शर्मा है। वह अपने पिता का सपना पूरा करने के लिए डॉक्टर बनने का फैसला करता है। अपने दोस्त सर्किट यानी अरशद वारसी की मदद से वह मेडिकल कॉलेज में दाखिला ले लेता है।

फिल्म में संजय दत्त के साथ अरशद वारसी, सुनील दत्त, ग्रेसी सिंह, बोमन ईरानी, जिमी शेरगिल और रोहिणी हट्टंगड़ी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म में सुनील दत्त ने मुन्ना के पिता का किरदार निभाया था। यह उनके करियर की आखिरी फिल्म थी। कॉमेडी और इमोशन से भरी इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब पसंद किया। फिल्म को 2004 में सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय मनोरंजक फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला।

'लगे रहो मुन्ना भाई' में दिखा गांधीगिरी का अंदाज

पहली फिल्म की सफलता के बाद साल 2006 में इसका दूसरा पार्ट 'लगे रहो मुन्ना भाई' रिलीज हुआ। इसमें संजय दत्त और अरशद वारसी एक बार फिर मुन्ना और सर्किट के किरदार में नजर आए। इस फिल्म में मुन्ना भाई का सामना महात्मा गांधी के विचारों से होता है। कहानी के जरिए गांधीजी के सिद्धांतों और अहिंसा के संदेश को मजेदार अंदाज में दिखाया गया था। फिल्म को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला।

'मुन्ना भाई 3' को लेकर अभी क्या जानकारी है?

अब फरहाद सामजी के स्क्रिप्ट लिखने की खबर से फ्रेंचाइजी के तीसरे पार्ट को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि संजय दत्त और अरशद वारसी फिल्म में मुन्ना और सर्किट के रूप में वापसी करेंगे या नहीं। फिल्म की कहानी, बाकी कलाकारों और शूटिंग शुरू होने की तारीख को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में फैंस को फिल्म से जुड़ी अगली घोषणा का इंतजार करना होगा।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts