सोहागपुर की मित्र कन्या शाला में वंचित बच्चों के साथ मनाई दिवाली, ‘एक दिवाली शेयरिंग वाली’ कार्यक्रम में बांटी खुशियां
सोहागपुर। मित्र कन्या शाला में ‘एक दिवाली शेयरिंग वाली’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वंचित वर्ग के बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा की गईं। बच्चों ने रंगोली बनाई और मिठाइयां बांटीं। कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यालय के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया।
भारतीय सनातन संस्कृति आदिकाल से ही ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की अवधारणा से प्रेरित रही है। यह संस्कृति सामाजिक सरोकारों और सामाजिक सहभागिता को सदैव प्रोत्साहित करती आई है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
वंचित बच्चों के साथ साझा की दिवाली की खुशियां
कार्यक्रम में शाला प्राचार्य डॉ. संजीव शुक्ला ने उक्त विचार व्यक्त करते हुए कहा कि दीपावली का पर्व केवल स्वयं खुशियां मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि उन लोगों के साथ खुशियां साझा करने का भी संदेश देता है, जो किसी कारणवश इनसे वंचित रह जाते हैं। समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर त्योहार मनाना ही हमारी संस्कृति की वास्तविक भावना है।
रंगोली बनाई, मिठाई बांटी और मनाई दीपावली
कार्यक्रम संयोजक शिक्षिका तनु आरसे से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों ने आकर्षक रंगोलियां बनाईं तथा पटाखे फोड़कर और मिष्ठान वितरण कर उत्साह एवं उल्लास के साथ दीपावली पर्व मनाया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।
नर्मदापुरम में दिव्यांगजनों के लिए मेडिकल कैंप शुरू, 6 नवंबर तक पांच विकासखंडों में होंगे परीक्षण
सामाजिक महत्व की जानकारी भी दी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को दीपावली पर्व के पौराणिक एवं सामाजिक महत्व की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि दीपावली का पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। साथ ही यह पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव, सहयोग और जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने की प्रेरणा भी देता है।
उल्लेखनीय है कि मित्र कन्या शाला सोहागपुर विगत 151 वर्षों से बालिकाओं को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने का पुनीत अभियान संचालित करती आ रही है। इस आयोजन के माध्यम से विद्यालय ने शिक्षा के साथ सामाजिक संवेदनशीलता और सहभागिता का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर शाला प्राचार्य डॉ. संजीव शुक्ला के साथ वरिष्ठ सदस्य गणेश राम मंडलोई, सुनीला मसीह, गुड़िया रघुवंशी, शहनाज खान, अफसाना शाह, इंद्रा कंठेले, रश्मि ठाकुर, मोनम रघुवंशी एवं कंचन अहिरवार उपस्थित रहीं।























