UPSC ने जारी किया सिविल सेवा मेन्स का रिजल्ट, 2526 उम्मीदवार इंटरव्यू के लिए सफल, 25 नवंबर तक भरें DAF फॉर्म

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 का परिणाम 5 नवंबर को घोषित कर दिया है। मुख्य परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। इस परीक्षा में कुल 2526 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं। इन सभी को अब चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण यानी पर्सनालिटी टेस्ट (इंटरव्यू) के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के लिए अब इंटरव्यू की तैयारी के साथ डिटेल्ड एप्लीकेशन फॉर्म (DAF) भरना भी जरूरी होगा। आयोग के अनुसार, DAF भरने की ऑनलाइन सुविधा 11 नवंबर से शुरू होगी। उम्मीदवार 25 नवंबर 2026 की शाम 6 बजे तक यह फॉर्म भर सकेंगे।
13,343 उम्मीदवारों ने दी थी मुख्य परीक्षा
UPSC सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 का आयोजन 21 अगस्त से 30 अगस्त 2026 के बीच किया गया था। प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) में सफल होने के बाद कुल 13,343 उम्मीदवार मुख्य परीक्षा में शामिल हुए थे। अब परिणाम जारी होने के बाद इनमें से 2526 उम्मीदवारों ने अगला चरण पार कर लिया है। इन उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और भारतीय विदेश सेवा (IFS) सहित अन्य केंद्रीय सेवाओं में चयन की प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होने का अवसर मिलेगा। हालांकि, अंतिम चयन पर्सनालिटी टेस्ट और मुख्य परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार होने वाली मेरिट सूची के अनुसार होगा।
11 नवंबर से भर सकेंगे DAF फॉर्म, ये है आखिरी तारीख
मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू में शामिल होने के लिए डिटेल्ड एप्लीकेशन फॉर्म (DAF) भरना होगा। आयोग ने इसके लिए तारीखें भी घोषित कर दी हैं।
- DAF भरने की शुरुआत: 11 नवंबर 2026
- DAF भरने की अंतिम तारीख: 25 नवंबर 2026
- अंतिम समय: शाम 6 बजे तक
उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन पोर्टल पर अपना फॉर्म भरना और जरूरी जानकारियां अपडेट करनी होंगी। अंतिम तारीख के बाद फॉर्म भरने का मौका नहीं मिलेगा। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह है कि वे आखिरी समय का इंतजार किए बिना यह प्रक्रिया पूरी कर लें।
धौलपुर हाउस में होगा UPSC का पर्सनालिटी टेस्ट
UPSC सिविल सेवा परीक्षा का इंटरव्यू केवल सामान्य सवाल-जवाब का दौर नहीं होता बल्कि इसे पर्सनालिटी टेस्ट कहा जाता है। इसका उद्देश्य उम्मीदवार के व्यक्तित्व, बौद्धिक क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता, सामाजिक समझ और नेतृत्व क्षमता का आकलन करना है। यह इंटरव्यू नई दिल्ली के शाहजहां रोड स्थित आयोग के कार्यालय धौलपुर हाउस में आयोजित किया जाएगा। इसमें उम्मीदवारों की किताबी जानकारी के साथ यह भी परखा जाएगा कि वे प्रशासनिक जिम्मेदारियों और परिस्थितियों को किस तरह समझते और उनका सामना करते हैं।
UPSC CDS 2 Result 2026: 8,956 उम्मीदवारों का चयन, ऐसे करें चेक
डाक से नहीं भेजा जाएगा इंटरव्यू का समन लेटर
आयोग इंटरव्यू में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए ई-समन लेटर जारी करेगा। यह UPSC की आधिकारिक वेबसाइट और ऑनलाइन एप्लीकेशन पोर्टल पर उपलब्ध होगा। उम्मीदवारों को इसे ऑनलाइन डाउनलोड करना होगा। आयोग की ओर से किसी भी उम्मीदवार को डाक के जरिए कागजी समन लेटर नहीं भेजा जाएगा। इसलिए सफल उम्मीदवारों को समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट और अपने ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट चेक करते रहना चाहिए।
फाइनल रिजल्ट के बाद जारी होगी मार्कशीट
मुख्य परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों के अंक फिलहाल जारी नहीं किए जाएंगे। आयोग के नियमों के अनुसार, पर्सनालिटी टेस्ट पूरा होने और अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद ही उम्मीदवारों की मार्कशीट उपलब्ध कराई जाएगी। फाइनल रिजल्ट घोषित होने के 15 दिनों के भीतर मार्कशीट UPSC की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। यह अगले 30 दिनों तक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। इस दौरान उम्मीदवार अपनी मार्कशीट डाउनलोड कर सकेंगे।
अग्निवीरों के लिए बड़ी खबर! अब 4 नहीं, 6 साल होगी सेवा; CDS जल्द कर सकते हैं बड़ी घोषणा
ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट
मुख्य परीक्षा का परिणाम आयोग की वेबसाइट पर PDF फॉर्मेट में जारी किया गया है। उम्मीदवार नीचे दिए गए स्टेप्स की मदद से अपना रोल नंबर चेक कर सकते हैं।
- सबसे पहले UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाएं।
- वेबसाइट के होमपेज पर उपलब्ध 'Written Results' सेक्शन पर क्लिक करें।
- इसके बाद 'Civil Services (Main) Examination, 2026' के लिंक को खोलें।
- लिंक पर क्लिक करने के बाद रिजल्ट की PDF स्क्रीन पर दिखाई देगी।
- PDF में अपना रोल नंबर खोजने के लिए कंप्यूटर पर Ctrl+F दबाएं। मोबाइल पर सर्च विकल्प का इस्तेमाल करें।
- यदि सूची में आपका रोल नंबर मौजूद है, तो आप इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किए गए हैं।
- भविष्य में उपयोग के लिए रिजल्ट PDF डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।




















