गुंदरई माध्यमिक शाला में शिक्षकों ने बच्चों संग मनाई दीपावली, मिठाई और पटाखे बांटकर साझा की त्योहार की खुशियां
सोहागपुर। ग्राम गुंदरई के शासकीय माध्यमिक शाला में शिक्षकों ने विद्यार्थियों के साथ दीपावली मनाई। प्रधान पाठक भरत साहू ने नवाचार करते हुए स्कूल में विशेष आयोजन कराया। इस दौरान बच्चों को मिठाई और पटाखे बांटे गए। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
अधिकारियों की मौजूदगी में मनाया त्योहार
प्रधान पाठक भरत साहू ने बच्चों की खुशियों में अधिकारियों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था। इसमें बीईओ राकेश उईके, बीआरसी राकेश रघुवंशी और संकुल प्राचार्य सुनीता गढ़वाल शामिल हुए। जनपद शिक्षा केंद्र के कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
अधिकारियों को अपने बीच पाकर बच्चों की खुशी बढ़ गई। इसके बाद शाला प्रभारी भरत साहू ने विद्यार्थियों को मिठाई और पटाखे बांटे। रंग-बिरंगी फुलझड़ियां और मिठाइयां पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
सोहागपुर में दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर, 125 ने कराया पंजीयन; 39 को मिले दिव्यांगता प्रमाण पत्र
बच्चों को सुरक्षित दीपावली मनाने की सलाह
कार्यक्रम में बीईओ राकेश उईके ने बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी खुशी में ही सबकी असली खुशी है। त्योहारों का असली मतलब आपस में खुशियां बांटना है।
उन्होंने बच्चों को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने की सलाह दी। साथ ही पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने को कहा। बीआरसी राकेश रघुवंशी ने बच्चों को घर के बड़ों की निगरानी में पटाखे चलाने की हिदायत दी।
स्कूल की रसोइयों को साड़ी और मिठाई भेंट की
कार्यक्रम में शाला प्रभारी भरत साहू ने स्कूल की रसोई में काम करने वाली महिलाओं का भी सम्मान किया। उन्होंने धनवंती बाई, अन्नू बाई, संध्या बाई और अर्चना बाई को साड़ी और मिठाई भेंट की। अतिथियों के माध्यम से महिलाओं को उपहार दिए गए।
सोहागपुर की माधव बस्ती में निकला RSS का पथ संचलन, स्वयंसेवकों ने प्रमुख मार्गों से किया भ्रमण
शिक्षकों ने बच्चों संग जलाई फुलझड़ियां
कार्यक्रम में बीएसी मैथिलीशरण पटेल, जनशिक्षक राजेश दीक्षित और अशोक गज्जाम मौजूद रहे। इनके साथ सुमन डोंगरे, गोविंद ब्रह्मवंशी और महेंद्र सिंह पटेल भी शामिल हुए।
अतिथि शिक्षक आशीष किरार और सेवानिवृत्त शिक्षक तरवर सिंह पटेल ने भी बच्चों के बीच मिठाई और पटाखे बांटे। शिक्षकों की देखरेख में बच्चों ने फुलझड़ी, अनारदाना और चकरी जलाकर दीपावली का आनंद लिया।























