Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बिलासपुर पुलिस का पंजाब में छापा, अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का कथित मुख्य सप्लायर रिंकू गिरफ्तार

बिलासपुर पुलिस ने पंजाब के अमृतसर से कथित अंतरराज्यीय हेरोइन सप्लायर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू को गिरफ्तार किया है। 24 अक्टूबर को उसलापुर से दीपक वालिया के कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन और 10,500 रुपये मिले थे। पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पुलिस अमृतसर तक पहुंची। अब नेटवर्क की आगे जांच जारी है।
बिलासपुर पुलिस का पंजाब में छापा, अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का कथित मुख्य सप्लायर  रिंकू गिरफ्तार

रायपुर/ बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने पंजाब तक दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की विशेष टीम ने अमृतसर से हेरोइन (चिट्टा) के कथित मुख्य सप्लायर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू को गिरफ्तार किया है। उसलापुर में पकड़े गए आरोपी से पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पुलिस सप्लाई नेटवर्क की कड़ी तक पहुंची। अब इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

अमृतसर में बिलासपुर पुलिस की दबिश, मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

बिलासपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई का दायरा छत्तीसगढ़ से बढ़ाकर पंजाब तक पहुंचा दिया है। एसीसीयू बिलासपुर और सकरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब के अमृतसर में स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश देकर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमृतसर के महेंद्रा एवेन्यू, सुल्तान विंड का निवासी है। उसे बिलासपुर लाकर थाना सकरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

ये भी पढ़ें: बालोद में ANTF का बड़ा एक्शन: कार के डैशबोर्ड से 6.40 ग्राम हेरोइन और देशी पिस्टल बरामद, आरोपी गिरफ्तार

दीपक वालिया की गिरफ्तारी से खुला सप्लाई नेटवर्क

इस पूरे मामले की कड़ी 24 अक्टूबर को हुई कार्रवाई से जुड़ी है। सकरी थाना क्षेत्र के उसलापुर बाजार के पास पुलिस ने दीपक वालिया (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। वह मूल रूप से अमृतसर का निवासी है और वर्तमान में उसलापुर, बिलासपुर में रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की थी। जब्त हेरोइन की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये आंकी गई थी। इसके अलावा 10,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए थे।

पूछताछ में सामने आया रिंकू का नाम

दीपक वालिया की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। इस दौरान बिलासपुर साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर हेरोइन सप्लाई के तार पंजाब के अमृतसर से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू का नाम कथित मुख्य सप्लायर के रूप में सामने आया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और सकरी थाना पुलिस की विशेष टीम पंजाब रवाना की गई।

ये भी पढ़ें: रायपुर में हेरोइन का बड़ा खेल बेनकाब, खंडहर में चल रही थी ‘चिट्टा’ की डील, 3 आरोपी गिरफ्तार

पंजाब पुलिस की मदद से आरोपी को दबोचा

अमृतसर पहुंची बिलासपुर पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी को बिलासपुर लेकर पहुंची और सकरी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई की। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि नशे की सप्लाई में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इस नेटवर्क का विस्तार किन क्षेत्रों तक है।

NDPS एक्ट के तहत दर्ज है मामला

दीपक वालिया की गिरफ्तारी के बाद थाना सकरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। इसी मामले की आगे की जांच में कथित मुख्य सप्लायर तक पुलिस पहुंची।

ये भी पढ़ें: Durg Bhilai: भिलाई में हेरोइन बेचने ग्राहक तलाश रहा आरोपी गिरफ्तार, 15 ग्राम चिट्टा और मोबाइल जब्त

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस अंतरराज्यीय कार्रवाई में एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शिंदे, एएसआई सुरेंद्र तिवारी, राजेश्वरधर दीवान और एसीसीयू के आरक्षक राकेश यादव एवं रमेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts