भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बनने के बाद अब जल्द हो सकता है मोदी कैबिनेट में फेरबदल, इस केंद्रीय मंत्री ने दिए संकेत

नागपुर। केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के प्रमुख रामदास आठवले ने सोमवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जल्द फेरबदल के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन में बदलाव के बाद बहुत जल्द केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी फेरबदल हो सकता है। संभावित फेरबदल में भाजपा के साथ उसकी सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कुछ नए चेहरों को सरकार में शामिल किए जाने की संभावना है। आठवले ने कहा कि संगठन में बदलाव के बाद अब सरकार में भी नई जिम्मेदारियां तय हो सकती हैं।
शरद पवार से एनडीए में आने की अपील
आठवले ने शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) को भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि वैचारिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन विकास के प्रयासों को मजबूत करने के लिए राकांपा-शप को राजग का हिस्सा बनना चाहिए। आठवले ने यहां तक कहा कि यदि शरद पवार इसके लिए तैयार नहीं होते हैं, तो उनकी पार्टी के आठ सांसदों को राजग में शामिल हो जाना चाहिए।
पुराने सहयोगियों का दिया उदाहरण
केंद्रीय मंत्री ने अपनी बात के समर्थन में राजग के पुराने सहयोगियों का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद के बावजूद कई नेता अलग-अलग समय पर राजग के साथ आए हैं। आठवले ने पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडीस, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, शरद यादव, ममता बनर्जी और नवीन पटनायक का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने भी अलग-अलग दौर में राजग के साथ काम किया है। उनका कहना था कि देश के विकास और समाज की मजबूती के लिए राजनीतिक सहयोग महत्वपूर्ण है।
ये भी पढ़ें: शहजाद पूनावाला ने फिर दिया BJP से इस्तीफा! पिछली बार ठुकराया गया था, अब बोले- 'इस बार स्वीकार करें'
आरक्षण को लेकर भी जताई चिंता
आठवले ने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के सपनों को पूरा करने के लिए सामाजिक न्याय की दिशा में काम जारी रखने की बात कही। उन्होंने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संयोजक अभिजीत दीपके से आरपीआई (ए) में शामिल होने की अपील भी की। केंद्रीय मंत्री ने आरक्षण खत्म करने की मांगों पर चिंता जताते हुए कहा कि आरक्षण संविधान से मिला अधिकार है। उन्होंने सरकार से ऐसी मांग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की।
आज घोषित हुई भाजपा की नई टीम
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम घोषित की है। इसमें पूर्व राजस्थान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राम माधव और बैजयंत पांडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं बिप्लब कुमार देब और हरीश द्विवेदी समेत कई नेताओं को भी महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गई हैं।
ये भी पढ़ें: BJP की नई टीम में MP-छत्तीसगढ़ का दबदबा, कई नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी












