🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

शहजाद पूनावाला ने फिर दिया BJP से इस्तीफा! पिछली बार ठुकराया गया था, अब बोले- 'इस बार स्वीकार करें'

बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने पार्टी के सभी पदों से एक बार फिर इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से इस बार उनका इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है।
Follow on Google News
शहजाद पूनावाला ने फिर दिया BJP से इस्तीफा! पिछली बार ठुकराया गया था, अब बोले- 'इस बार स्वीकार करें'
शहजाद पूनावाला ने एक बार फिर BJP से इस्तीफा दिया

नई दिल्ली। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद के साथ-साथ पार्टी की सक्रिय प्राथमिक सदस्यता छोड़ने का भी ऐलान किया है। पूनावाला ने अपनी इस्तीफे की चिट्ठी सार्वजनिक करते हुए कहा कि यह फैसला उन्होंने काफी सोच-विचार और गंभीर मंथन के बाद लिया है। इससे पहले जब उन्होंने इस्तीफा देने की बात कही थी, तब पार्टी ने उनका इस्तीफा तुरंत स्वीकार नहीं किया था और उनसे अपने फैसले पर दोबारा विचार करने का अनुरोध किया था। अब पूनावाला ने स्पष्ट कर दिया है कि उन्होंने अपना अंतिम निर्णय ले लिया है।

Twitter Post

‘पार्टी ने इस्तीफा स्वीकार नहीं किया तो भावुक हुआ’

शहजाद पूनावाला ने कहा कि जब पार्टी ने उनका इस्तीफा तुरंत स्वीकार करने से इनकार किया और उनसे फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा, तो यह उनके लिए बेहद भावुक पल था। हालांकि, पिछले कुछ दिनों की घटनाओं और संबंधित लोगों से हुई बातचीत के बाद उन्होंने अपने फैसले पर कायम रहने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि लंबे विचार-विमर्श के बाद अब वह बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद और सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से खुद को अलग करना चाहते हैं।

Shehzad Poonawalla Resigns : बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दिया इस्तीफा, वजह अभी स्पष्ट नहीं

PM मोदी समेत वरिष्ठ नेताओं का जताया आभार

इस्तीफे की चिट्ठी में पूनावाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और संगठन महामंत्री बीएल संतोष समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के प्रति उनके मन में किसी तरह की नाराजगी या आहत भावना नहीं है। उन्होंने पिछले पांच वर्षों के दौरान बीजेपी की ओर से मिले अवसरों, मंच और जिम्मेदारियों के लिए पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद दिया। पूनावाला ने अपने राजनीतिक सफर में बीजेपी की ओर से मिले समर्थन को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि वह इसके लिए हमेशा आभारी रहेंगे।

‘निजी क्षेत्र में करूंगा प्रवेश’

शहजाद पूनावाला ने अपने इस्तीफे की वजह के तौर पर जरूरी आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अब वह निजी क्षेत्र में जाने का फैसला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में काम करने के बावजूद वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के दृष्टिकोण और कामों का जहां तक संभव होगा, समर्थन करते रहेंगे। उनका कहना है कि पार्टी संगठन से अलग होने का मतलब उनके विचारों में बदलाव नहीं है।

भाजपा को बड़ा झटका! शहजाद पूनावाला ने दिया इस्तीफा, जानिए वजह..

‘पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहा हूं, विचार और व्यक्ति नहीं’

पूनावाला ने अपने बयान में एक अहम बात कही। उन्होंने कहा कि वह ‘पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहे हैं, लेकिन विचार और व्यक्ति नहीं।’ उनके इस बयान को राजनीतिक गलियारों में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे संकेत मिलता है कि पार्टी की सक्रिय राजनीति से अलग होने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी की विचारधारा के प्रति उनका समर्थन बना रह सकता है।

2017 में कांग्रेस छोड़कर BJP में आए थे

शहजाद पूनावाला ने साल 2017 में कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। इसके बाद वह बीजेपी में शामिल हुए और पार्टी के प्रमुख प्रवक्ताओं में अपनी जगह बनाई। टीवी डिबेट और राजनीतिक चर्चाओं में वह लगातार बीजेपी का पक्ष रखते नजर आते रहे। सरकार और पार्टी से जुड़े मुद्दों पर वह विपक्ष के सवालों का जवाब देने वाले प्रमुख चेहरों में शामिल रहे। अब बीजेपी से उनके इस्तीफे के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

icon

Latest Posts