भोपाल के ईको लॉजिकल पार्क में मॉर्निंग-ईवनिंग वॉक पर फिर रोक, तेंदुए के हमले के बाद रहवासियों में नाराजगी

भोपाल। बाग मुगालिया स्थित ईको लॉजिकल पार्क में मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक पर एक बार फिर रोक लगा दी गई है। सोमवार को लोगों को सुबह और शाम दोनों समय पार्क में घूमने की अनुमति नहीं दी गई। बार-बार लगाई जा रही इस रोक से स्थानीय रहवासियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि वन विभाग को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए, ताकि पार्क के सुरक्षित और चिह्नित हिस्सों में लोगों की आवाजाही जारी रह सके।
तेंदुए के शावक ने 16 वर्षीय किशोर पर किया था हमला
दरअसल सोमवार को ईको लॉजिकल पार्क के पीछे बायपास के पास तेंदुए के शावक ने 16 वर्षीय कार्तिकेय पर हमला कर दिया था। घटना के बाद उसे इलाज के लिए एम्स ले जाया गया। उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हमले में किशोर के सीने पर पंजों के चार घाव आए, जबकि हाथ पर भी चोट लगी। बताया गया कि कार्तिकेय बैरिकेडिंग पार कर जंगल के प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच गया था। इसी दौरान उसका सामना अचानक तेंदुए से हो गया। तेंदुए को सामने देखकर वह घबरा गया और वहीं रुक गया। इसी बीच तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे नीचे गिराकर सीने पर पंजे मार दिए।
तेंदुए की मौजूदगी को लेकर रहवासियों ने उठाए सवाल
घटना के बाद स्थानीय रहवासियों ने इलाके में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर सवाल उठाए हैं। बाग मुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी समिति के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने बताया कि वन विभाग पिछले एक सप्ताह से इलाके में सर्चिंग कर रहा है, लेकिन अब तक न तो तेंदुआ दिखाई दिया है और न ही वह ट्रैप कैमरे में कैद हुआ है।
सुरक्षित हिस्सों में वॉक की अनुमति देने की मांग
तेंदुए के हमले के बाद सोमवार को पार्क में मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक पर फिर से रोक लगा दी गई। इससे नियमित रूप से पार्क में घूमने आने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। रहवासियों की मांग है कि वन विभाग पहले सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करे और खतरे वाले हिस्सों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग लगाए। इसके बाद पार्क के सुरक्षित क्षेत्रों में लोगों को सुबह और शाम घूमने की अनुमति दी जाए।




















