रायपुर में जुए के अड्डे पर पुलिस की बड़ी रेड,12 गिरफ्तार,14.53 लाख का सामान जब्त

रायपुर: दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आउटर इलाकों में जुए के अड्डों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। खरोरा पुलिस ने ग्राम सारागांव में ग्वाला पोल्ट्री फार्म के पास चल रहे कथित काटपत्ती जुए के फड़ पर छापा मारकर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 3 लाख 48 हजार 820 रुपए नकद सहित कुल 14 लाख 53 हजार 820 रुपए का सामान जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान फड़ का मुख्य आरोपी उमेश साहू फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, जुआ खेलते मिले आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि सारागांव स्थित पोल्ट्री फार्म के पास काटपत्ती का जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, टीम ने कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को पकड़ लिया।

संबंधित खबर: रायपुर में जुए के बड़े फड़ पर पुलिस की दबिश,72 हजार कैश के साथ 14 गिरफ्तार
रायपुर ही नहीं, बिलासपुर और बलौदाबाजार से भी पहुंचे थे जुआरी
पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए लोगों में रायपुर जिले के साथ दूसरे जिलों के निवासी भी शामिल हैं। बिलासपुर से दीपक दास मानिकपुरी, अभय सिंह और राजू सोनी पहुंचे थे, जबकि बलौदाबाजार से भाव सिंह के जुआ खेलने के लिए आने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा धरसींवा, उरकुरा, बुडे़रा, फरफौद और बरौदा के लोग भी मौके पर मौजूद थे।
नकदी के साथ कार, 8 बाइक और 12 मोबाइल जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 3,48,820 रुपए नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त कीं। इसके अलावा एक कार, 8 दोपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 14,53,820 रुपए बताई गई है।
12 आरोपियों पर केस दर्ज, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों में गोलू यादव, राजा साहू, डिगेश्वर वर्मा, मूलचंद साहू, एसराज निषाद, शत्रुहन वर्मा, नारायण चन्द्राकर और खिलेश्वर वर्मा समेत कुल 12 लोग शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, कथित जुआ फड़ का मुख्य आरोपी उमेश साहू फरार है।
संबंधित खबर: जांजगीर में जुआ फड़ पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 9 जुआरी गिरफ्तार, 4.28 लाख कैश जब्त
दीपावली से पहले पुलिस की निगरानी बढ़ी
त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस ने आउटर और ग्रामीण क्षेत्रों में जुए के संभावित अड्डों पर निगरानी बढ़ाने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। फरार आरोपी की तलाश के साथ मामले की आगे की जांच की जा रही है।




















