Raipur:होटल के कमरे में छात्रा की चाकू से हत्या, फिर आरोपी ने की खुदकुशी की कोशिश, 8 माह पहले सोशल मीडिया पर हुई थी पहचान

रायपुर: राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में एक होटल के कमरे में एमएससी की छात्रा की चाकू मारकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वाराणसी निवासी किशन कुमार भारद्वाज पर छात्रा रीमन मंडावी की हत्या का आरोप है। पुलिस के मुताबिक दोनों की पहचान करीब आठ महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। घटना के बाद आरोपी ने भी खुदकुशी की कोशिश की, जिसके चलते उसका अस्पताल में इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें: Raipur: भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ का दबदबा,रूप कुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के को बड़ी जिम्मेदारी
होटल के कमरे में खूनी वारदात
गंज थाना क्षेत्र के झूलेलाल चौक स्थित होटल बंसल पैराडाइज में 14 अगस्त को एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा रीमन मंडावी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी किशन कुमार भारद्वाज ने भी आत्महत्या करने की कोशिश की। होटल कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को एंबुलेंस से आंबेडकर अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने रीमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि किशन का इलाज जारी है।

8 महीने पहले सोशल मीडिया पर हुई थी पहचान
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशन और रीमन की पहचान करीब आठ महीने पहले इंटरनेट मीडिया के माध्यम से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच मुलाकातें भी शुरू हो गई थीं। पुलिस के अनुसार दोनों पहले भी होटल बंसल पैराडाइज में एक-दो बार मिल चुके थे, इसलिए होटल स्टाफ उन्हें पहचानता था।
यह भी पढ़ें: Korba: दोस्तों से लगी शर्त, बांगो डैम में कूदा युवक,48 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग
सुबह होटल पहुंचा किशन, रीमन का किया इंतजार
14 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे किशन होटल पहुंचा था। उसने डबल बेड कमरा लिया और होटल स्टाफ को बताया कि रीमन भी कुछ देर में आने वाली है। पहचान संबंधी जानकारी लेने पर उसने बताया कि दोनों के आधार कार्ड की जानकारी होटल के रिकॉर्ड में पहले से दर्ज है। इसके बाद उसे तीसरी मंजिल पर कमरा नंबर 401 दिया गया।

11 बजे होटल पहुंची थी छात्रा
करीब 11 बजे रीमन भी होटल पहुंची। दोनों कमरे में थे। करीब साढ़े तीन बजे कमरे में चाकू से हमला किए जाने की घटना हुई। इसके बाद किशन ने खुदकुशी की कोशिश की। होटल कर्मचारियों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी।
यह भी पढ़ें: Balrampur: पति को बचाने तालाब में कूदी पत्नी, दोनों की दर्दनाक मौत
आरोपी की सर्जरी, बयान का इंतजार
एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा के मुताबिक आरोपी की सर्जरी की गई है और फिलहाल वह बोलने की स्थिति में नहीं है। इसलिए अभी उसका बयान दर्ज नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के बयान के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

कौन थी रीमन मंडावी?
रीमन मंडावी मोहला-मानपुर क्षेत्र की रहने वाली थी और रायपुर के जोरा स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह पढ़ाई के लिए जोरा में किराये के मकान में रह रही थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
यह भी पढ़ें: Surajpur: छत्तीसगढ़ में 10 करोड़ का पुल बारिश में बहा, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल
हत्या की वजह अब भी सवाल
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल हत्या की वजह को लेकर है। आखिर होटल के कमरे में ऐसा क्या हुआ कि मुलाकात हत्या में बदल गई? पुलिस घटनाक्रम, दोनों के संबंध और आरोपी के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।












