रायपुर में हेरोइन का बड़ा खेल बेनकाब, खंडहर में चल रही थी ‘चिट्टा’ की डील, 3 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर: राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सांई नगर स्थित पॉम रेसिडेंसी के खंडहर में हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6.33 ग्राम हेरोइन, 13 हजार नकद, 4 आईफोन/मोबाइल और एक मोपेड बरामद की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख बताई गई है।
मुखबिर की सूचना ने खोला नशे के ठिकाने का राज
13 सितंबर 2026 को एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट रायपुर को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि सिविल लाइन क्षेत्र के सांई नगर स्थित पॉम रेसिडेंसी खंडहर में कुछ संदिग्ध लोग हेरोइन (चिट्टा) लेकर मौजूद हैं और इसकी अवैध बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: कोरबा में बारिश के बीच LT लाइन में ताबड़तोड़ धमाके, 25 मिनट तक बरसती रहीं चिंगारियां,मचा हड़कंप
वरिष्ठ अधिकारियों ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल ने अधीनस्थ अधिकारियों को सूचना की तस्दीक कर आरोपियों को मादक पदार्थ सहित गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
पुलिस को देखते ही भागने लगे संदिग्ध
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।पुलिस टीम ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हांकित किया। जैसे ही पुलिस ने उनसे पूछताछ के लिए संपर्क करने का प्रयास किया, वे मौके से भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें: मछली पकड़ने गए भांजे का फिसला पैर, बचाने कूदा मामा भी डूबा,स्टॉप डैम में मामा-भांजे की मौत
तलाशी में निकला हेरोइन का पैकेट
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आयुष दुबे, अदनान खान और अब्दुल रेहान बताया। पुलिस टीम ने उनकी तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से अवैध मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ।
6.33 ग्राम हेरोइन समेत 2 लाख का माल जब्त
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 6.33 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जब्त की। इसके अलावा 13,000 नकद, 4 आईफोन/मोबाइल फोन और मोपेड क्रमांक CG 04 MW 2906 भी बरामद की गई।
यह भी पढ़ें: अंबिकापुर में छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान,NSUI नेता पर ब्लैकमेलिंग का आरोप,बाथरूम में मिला शव
पुलिस के मुताबिक जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 2 लाख है।
नारकोटिक एक्ट में FIR, आगे की जांच तेज
तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में धारा 21(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अब नशे के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचेगी पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस यह पता लगाने पर है कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस के अनुसार प्रकरण में संलिप्त अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है और End-to-End कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पूरी सूची
1. आयुष दुबे — पिता संजय दुबे, उम्र 28 वर्ष, निवासी पंचशील नगर जी-25, थाना सिविल लाइन, रायपुर।
2. अदनान खान — पिता कमर खान, उम्र 22 वर्ष, निवासी नूरजहां होटल के पास, चिनार टेलर्स के सामने, बैजनाथ पारा, थाना सिटी कोतवाली, रायपुर।
3. अब्दुल रेहान — पिता अब्दुल हफीज, उम्र 19 वर्ष, निवासी धोबी गली, बैजनाथ पारा, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायपुर।



















