कोरबा में बारिश के बीच LT लाइन में ताबड़तोड़ धमाके, 25 मिनट तक बरसती रहीं चिंगारियां,मचा हड़कंप

रायपुर/कोरबा: ऊर्जा धानी कोरबा में बारिश के बीच बिजली लाइन में हुए भीषण शॉर्ट सर्किट ने लोगों को दहशत में डाल दिया। रामपुर हाउसिंग बोर्ड इलाके में LT लाइन से करीब 20 से 25 मिनट तक चिंगारियां निकलती रहीं और लगातार धमाकों की आवाज आती रही। घटना का VIDEO अब सामने आया है।
कोरबा में बारिश के बीच बड़ा बिजली हादसा टला
कोरबा के रामपुर हाउसिंग बोर्ड इलाके में बारिश के बीच LT लाइन में अचानक भीषण शॉर्ट सर्किट होने से हड़कंप मच गया। ट्रांसफार्मर से निकली बिजली लाइन में फॉल्ट के बाद लगातार चिंगारियां निकलने लगीं और पटाखे जैसे तेज धमाकों की आवाज सुनाई देती रही। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें: मछली पकड़ने गए भांजे का फिसला पैर, बचाने कूदा मामा भी डूबा,स्टॉप डैम में मामा-भांजे की मौत
20-25 मिनट तक जारी रहा खतरनाक सिलसिला
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट के बाद करीब 20 से 25 मिनट तक तारों से लगातार चिंगारियां निकलती रहीं। इस दौरान कई बार तेज धमाके हुए। बारिश के बीच बिजली के तारों से निकलती आग जैसी चिंगारियों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी।
दहशत में लोगों ने बंद किए मेन स्विच
घटना के बाद सुरक्षा को देखते हुए लोगों ने अपने-अपने घरों के मेन स्विच बंद कर दिए। इसके चलते पूरी कॉलोनी की बिजली गुल हो गई। लोगों का कहना है कि बिजली लाइन में आई इस समस्या के कारण कुछ घरों के बिजली उपकरणों के खराब होने की भी आशंका है।
यह भी पढ़ें: अंबिकापुर में छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान,NSUI नेता पर ब्लैकमेलिंग का आरोप,बाथरूम में मिला शव
अंधेरे में सांप-बिच्छू का डर
बिजली गुल होने के बाद बारिश के बीच कॉलोनी में अंधेरा छा गया। स्थानीय लोगों के सामने अब सुरक्षा की दूसरी चिंता भी खड़ी हो गई है। अंधेरे और बारिश के कारण लोगों को सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का डर सता रहा है।
मुड़ापार-अमरैयापारा में भी बिजली की आंख-मिचौली
कोरबा के मुड़ापार और अमरैयापारा इलाकों में भी बिजली की आंख-मिचौली की शिकायतें सामने आ रही हैं। लगातार बिजली बाधित होने से स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।
बिजली व्यवस्था जल्द दुरुस्त करने की मांग
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से खराब लाइन और बिजली आपूर्ति की समस्या को जल्द दूर करने की मांग की है। बारिश के मौसम में बिजली के तारों में इस तरह के फॉल्ट को लेकर लोगों में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
VIDEO हुआ वायरल
LT लाइन में शॉर्ट सर्किट के दौरान तारों से निकलती चिंगारियों और तेज धमाकों का VIDEO सामने आया है। वीडियो में बिजली लाइन में लगातार फॉल्ट के चलते उठती चिंगारियां दिखाई दे रही हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।



















