150 फीट ऊपर 7 घंटे तक टॉवर पर चढ़ा रहाशराबी युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा,नीचे पत्नी-बच्चे लगाते रहे गुहार, LIVE VIDEO आया सामने

रायपुर/कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में धुत एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। युवक के टॉवर पर चढ़ने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। नीचे पत्नी, बच्चे और ग्रामीण उसे उतरने के लिए घंटों समझाते रहे, लेकिन युवक नीचे आने को तैयार नहीं हुआ। करीब 7 घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और प्रशासन की समझाइश से उसे सकुशल नीचे उतारा गया।
150 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा युवक
घटना करतला थाना क्षेत्र के नोन्दरहा बरकोंना गांव की बताई जा रही है। यहां देव सिंह राठिया नाम का युवक शराब के नशे में हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। देखते ही देखते वह करीब 150 फीट की ऊंचाई पर पहुंच गया, जिससे परिजनों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई।
ये भी पढ़ें: कांकेर में फिर 14 गौवंशों की दर्दनाक मौत,नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन ने रौंदा
कभी ऊपर तो कभी नीचे करता रहा हरकत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक नशे की हालत में टॉवर पर कभी ऊपर तो कभी नीचे की ओर जाता रहा। नीचे खड़े उसकी पत्नी, बच्चे और ग्रामीण लगातार उसे नीचे उतरने के लिए समझाते और गुहार लगाते रहे। लेकिन युवक काफी देर तक किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ।
खबर फैली तो मौके पर जुटी सैकड़ों की भीड़
युवक के हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ने की खबर गांव में तेजी से फैली। इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हर किसी की नजर टॉवर के ऊपर मौजूद युवक पर थी। स्थिति को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई।
ये भी पढ़ें: स्कूल का जर्जर गेट बना मौत का दरवाजा,7 साल के शिवम पर लोहे की गेट गिरने से हुई दर्दनाक मौत
थाना प्रभारी और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे
सूचना मिलते ही करतला थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से तहसीलदार को भी बुलाया गया। पुलिस और प्रशासन ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार बातचीत और समझाइश का सहारा लिया।
7 घंटे बाद खत्म हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा
करीब सात घंटे तक मान-मनौव्वल और समझाइश का दौर चलता रहा। आखिरकार युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया। युवक के नीचे आने के बाद पत्नी, बच्चों, ग्रामीणों और पुलिस ने राहत की सांस ली।
ये भी पढ़ें: छग के एकलव्य स्कूल में 10वीं के छात्र की संदिग्ध मौत, 3 विधायकों ने की न्यायिक जांच की मांग
LIVE VIDEO ने मचाई सनसनी
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक को ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है। हालांकि युवक टॉवर पर किस वजह से चढ़ा, इसे लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।




















