बॉलीवुड लेखक-निर्देशक रूमी जाफरी की मां जैबुन्निसा सिद्दीकी का निधन, 88 साल की उम्र में भोपाल में ली अंतिम सांस

भोपाल। बॉलीवुड के जाने-माने लेखक और निर्देशक रूमी जाफरी की मां जैबुन्निसा सिद्दीकी का शुक्रवार को भोपाल में निधन हो गया। वे 88 वर्ष की थीं। उन्होंने शहर के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। जैबुन्निसा पिछले 20 दिनों से अधिक समय से अस्पताल में भर्ती थीं। सांस लेने में तकलीफ होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनके अंतिम संस्कार की शुक्रवार शाम भोपाल में किए जाने की संभावना जताई गई है। हालांकि अंतिम संस्कार का समय और स्थान परिवार की ओर से आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं किया गया है। उनके निधन की खबर से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।
सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल में कराया गया था भर्ती
जानकारी के मुताबिक जैबुन्निसा सिद्दीकी को सांस लेने में परेशानी होने पर भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे 20 दिन से अधिक समय से यहां उपचाररत थीं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था लेकिन शुक्रवार को उनका निधन हो गया।
रूमी जाफरी ने कई हिट फिल्मों की पटकथा और संवाद लिखे
भोपाल में जन्मे रूमी जाफरी बॉलीवुड के चर्चित पटकथा लेखक, संवाद लेखक और निर्देशक हैं। उन्होंने कई दशकों तक हिंदी सिनेमा में योगदान दिया है। फिल्म निर्देशक डेविड धवन के साथ उनकी जोड़ी काफी चर्चित रही है। रूमी जाफरी ने 'कुली नंबर-1', 'हीरो नंबर-1', 'जुड़वा', 'बीवी नंबर-1', 'बड़े मियां छोटे मियां', 'हसीना मान जाएगी', 'दुल्हन हम ले जाएंगे', 'हर दिल जो प्यार करेगा', 'मुझसे शादी करोगी', 'मैंने प्यार क्यों किया' और 'गोलमाल रिटर्न्स' जैसी लोकप्रिय फिल्मों की पटकथा और संवाद लेखन में योगदान दिया है।
'मैं दिमागी नक्सल हूं’, नसीरुद्दीन शाह का नया वीडियो वायरल, JNU-जामिया का जिक्र कर बोले- 'सब याद...'
'गॉड तुस्सी ग्रेट हो' से शुरू किया निर्देशन का सफर
रूमी जाफरी ने वर्ष 2008 में फिल्म 'गॉड तुस्सी ग्रेट हो' से निर्देशन की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने 'लाइफ पार्टनर' और 'गली गली चोर है' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। वर्ष 2021 में अमिताभ बच्चन और इमरान हाशमी अभिनीत फिल्म 'चेहरे' का निर्देशन भी उन्होंने किया था। उनके पिता कौसर सिद्दीकी भी जाने-माने लेखक रहे हैं। जैबुन्निसा सिद्दीकी के निधन से परिवार और उनके परिचितों में शोक व्याप्त है।




















