Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का निधन, पैतृक गांव जैत में हुआ अंतिम संस्कार; अंतिम विदाई में शामिल हुए सीएम मोहन यादव

सीहोर में जीवन में मां का स्थान कभी कोई नहीं ले सकता। मां केवल जन्म देने वाली नहीं, बल्कि जीवन की पहली गुरु, सबसे बड़ा संबल और हर मुश्किल में हौसला देने वाली शक्ति होती है। जब इसी ममता भरे आंचल का साया सिर से उठ जाता है तो उम्र, पद और प्रतिष्ठा सब छोटे पड़ जाते हैं।
शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का निधन

सीहोर। ऐसा ही भावुक कर देने वाला पल शुक्रवार को देखने को मिला, जब केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशीबाई का निधन हो गया। भोपाल एम्स में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से परिवार ही नहीं, बल्कि पैतृक गांव जैत और राजनीतिक जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार दोपहर जैत में पूरे सम्मान और गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया।

एम्स में इलाज के दौरान ली अंतिम सांस

काशीबाई पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। वे भोपाल के साकेत नगर स्थित निवास पर रह रही थीं। स्वास्थ्य बिगड़ने और सांस लेने में गंभीर परेशानी होने के बाद करीब एक सप्ताह पहले उन्हें भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी था, लेकिन शुक्रवार सुबह जिंदगी की जंग हारते हुए उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। निधन की खबर सामने आते ही जैत सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक छा गया।

ये भी पढ़ें: शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का भोपाल एम्स में निधन, जैत में होगा अंतिम संस्कार

मां के निधन की खबर मिलते ही शिवराज ने रद्द किए कार्यक्रम

माताजी के निधन की सूचना मिलते ही केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित सरकारी और राजनीतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए। शुक्रवार को उन्हें रायसेन जिले में आयोजित बड़े किसान सम्मेलन में शामिल होना था, लेकिन मां के निधन की खबर मिलते ही उन्होंने सम्मेलन सहित सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए और सीधे अपने पैतृक गांव जैत के लिए रवाना हो गए। जीवन में मां के महत्व और उनके साथ जुड़े भावनात्मक रिश्ते के सामने हर जिम्मेदारी उस वक्त पीछे छूट गई।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जैत पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

काशीबाई की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को हेलीकॉप्टर से बुधनी के डोबी हेलीपैड पहुंचे। यहां से सड़क मार्ग द्वारा ग्राम जैत पहुंचकर उन्होंने दिवंगत काशीबाई को श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। उन्होंने बाबा महाकाल से पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Breaking News

दिग्गज नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने दी अंतिम विदाई

अंतिम संस्कार में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह, विधायक रमाकांत भार्गव, सुदेश राय, रामेश्वर शर्मा और सुरेंद्र पटवा सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। पूर्व विधायक रामपाल सिंह, सीहोर भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम अध्यक्ष रवि मालवीय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित अनेक नेताओं ने भी जैत पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों ने भी जताया शोक

कलेक्टर बालागुरु के. और पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने भी ग्राम जैत पहुंचकर दिवंगत काशीबाई को श्रद्धांजलि दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। गांव में हर चेहरा गमगीन था। मां के निधन से उपजे इस दुख में पूरा क्षेत्र शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा नजर आया। शुक्रवार को जैत की धरती ने एक ऐसी मां को अंतिम विदाई दी, जिनकी ममता और संस्कार उनके परिवार की सबसे बड़ी पूंजी रहे।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts