जेपी नड्डा का दुर्ग में राहुल गांधी पर तीखा हमला, बोले- बार-बार चुनाव हारें तो चुनाव आयोग खराब, जीतें तो खुद को होशियार बताते हैं

रायपुर: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में भाजपा के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने चुनाव में हार के बाद चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया। नड्डा ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि बार-बार चुनाव हारने पर चुनाव आयोग को खराब बताना उनकी राजनीति का हिस्सा बन गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राहुल गांधी पर नड्डा का सीधा वार, स्कूल के मास्टर वाला उदाहरण देकर कसा तंज
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने अपने संबोधन में राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि स्कूल में कोई बच्चा कभी पास हो जाए तो खुद को होशियार बताता है, लेकिन बार-बार फेल होने पर मास्टर को खराब बताने लगता है। यही हाल राहुल बाबा का है। कभी चुनाव जीत जाएं तो खुद को होशियार बताते हैं और लगातार हारने पर चुनाव आयोग को खराब बताने लगते हैं। नड्डा के इस बयान को भाजपा के चुनावी प्रदर्शन और विपक्ष की ओर से चुनाव प्रक्रिया पर उठाए जा रहे सवालों के बीच कांग्रेस पर सीधे राजनीतिक हमले के तौर पर देखा जा रहा है।

'मदर ऑफ डेमोक्रेसी' भारत, संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने वालों को घेरा
जेपी नड्डा ने कहा कि भारत को मदर ऑफ डेमोक्रेसी कहा जाता है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र होने का गौरव देश को प्राप्त है। ऐसे में चुनाव आयोग और दूसरी संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए खतरा है। उन्होंने विपक्ष की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी हार के बाद संस्थाओं पर आरोप लगाना और फिर जवाबदेही से बचना उचित नहीं है। यदि वोट चोरी हुई है तो विपक्ष को चुनाव आयोग के सामने ठोस प्रमाण प्रस्तुत करने चाहिए।

बस्तर के चांदामेटा का उदाहरण देकर बताया लोकतंत्र की ताकत
अपने संबोधन में नड्डा ने बस्तर के चांदामेटा का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद का प्रभाव कम होने के बाद इस क्षेत्र में पहली बार मतदान केंद्र स्थापित हुआ और लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उन्होंने इसे लोकतंत्र की मजबूती और जनता की भागीदारी का उदाहरण बताते हुए कहा कि देश के दूरस्थ क्षेत्रों तक लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहुंच बढ़ना महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

SIR और मतदाता सूची पर गांव-गांव पहुंचने की कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी
जेपी नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची और एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर गांव, चौपाल और मोहल्लों तक पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता के बीच तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। नड्डा ने कार्यकर्ताओं को विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों के आधार पर देने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
संबंधित खबर: नड्डा के काफिले पर हमले के मामले में 6 साल बाद दो TMC नेता गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
सभा के बाद सड़क पर उतरे नड्डा, महेश कॉलोनी से गंजमंडी चौक तक पदयात्रा
दुर्ग के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे जेपी नड्डा ने पहले भाजपा की सभा को संबोधित किया। इसके बाद वे महेश कॉलोनी से गंजमंडी चौक तक आयोजित पदयात्रा में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संबंधित खबर: UGC नियमों पर बैठक के बाद बड़ा फैसला, मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद टली सवर्ण महापंचायत
कांग्रेस और भाजपा के बीच चुनाव आयोग को लेकर सियासी टकराव
जेपी नड्डा का दुर्ग दौरा ऐसे समय में हुआ, जब चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची और एसआईआर को लेकर देश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। नड्डा ने अपने संबोधन के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं को विपक्ष के आरोपों का जवाब देने और संवैधानिक संस्थाओं के समर्थन में जनता के बीच जाने का संदेश दिया।




















