321 दिन से 2300 शिक्षक भर्ती को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे डीएड अभ्यर्थी, परिजनों के साथ शिक्षा मंत्री के बंगले में किया प्रदर्शन

रायपुर: छत्तीसगढ़ में 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति का इंतजार कर रहे डीएड अभ्यर्थियों का आक्रोश अब सड़कों से निकलकर सत्ता के दरवाजे तक पहुंच गया है। गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में डीएड अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के रायपुर स्थित बंगले पहुंच गए। अभ्यर्थियों ने बंगले के अंदर बैठकर धरना शुरू कर दिया। उनकी एक ही मांग है 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए और सरकार नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करे।
321 दिन का इंतजार, अब मंत्री बंगले में प्रदर्शन
डीएड अभ्यर्थी पिछले 321 दिनों से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। लंबा इंतजार और लगातार आंदोलन के बावजूद मांग पूरी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी नाराजगी के बीच गुरुवार को अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंचकर सीधे अपनी बात रखने का फैसला किया। अभ्यर्थी अपने परिवार के सदस्यों के साथ बंगले के अंदर बैठ गए और नियुक्ति की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन में परिजनों की मौजूदगी ने आंदोलन को और गंभीर बना दिया है।
संबंधित खबर: छग में शिक्षक भर्ती परीक्षा पर हाईकोर्ट की रोक, दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को लेकर उठे सवाल
बंगले में धरना, पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मंत्री बंगले पहुंचे हैं। अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, अभ्यर्थी अपनी मांग से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से इंतजार के बावजूद उन्हें नियुक्ति को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं मिला है।
मंत्री बंगले में नहीं, अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बंगले में मौजूद नहीं हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों और उनके परिजनों का धरना जारी है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति को लेकर सरकार तत्काल स्पष्ट निर्णय ले और नियुक्ति की निश्चित तारीख सार्वजनिक करे।
नियुक्ति की तारीख पर अड़े डीएड अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों का साफ कहना है कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। उन्हें नियुक्ति की प्रक्रिया और उसकी समय-सीमा को लेकर ठोस जानकारी चाहिए। फिलहाल मंत्री बंगले के अंदर प्रदर्शन जारी है और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बावजूद अभ्यर्थी अपनी मांग पर डटे हुए हैं। खबर की बड़ी बात 321 दिन का आंदोलन, 2300 पदों पर नियुक्ति का इंतजार और अब मंत्री बंगले में धरना। डीएड अभ्यर्थियों ने साफ कर दिया है कि नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।




















