Raipur:ब्लू वाटर में मौत का खेल,दोस्तों से लगी तैराकी की शर्त, एक निकला बाहर दूसरा गहरे पानी में समाया

रायपुर: रायपुर के नकटी स्थित ब्लू वाटर में दोस्तों के बीच लगी तैराकी की शर्त एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गई। 24 वर्षीय आदिल खान गहरे पानी में डूब गया, जबकि उसके साथ पानी में उतरा दोस्त बाहर निकल आया। रात में अंधेरा और पानी की अधिक गहराई होने के कारण सर्च ऑपरेशन नहीं चलाया गया। अब गुरुवार सुबह 5:30 बजे से एसडीआरएफ की टीम तलाश शुरू करेगी। इस हादसे के बाद एक बार फिर ब्लू वाटर की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है।
यह भी पढ़ें: Raipur: युवा कांग्रेस चुनाव की नई तारीख घोषित, 30 अगस्त से फिर शुरू होगी प्रक्रिया, 29 सितंबर तक चलेगा चुनावी दंगल
दोस्तों के साथ घूमने पहुंचा था आदिल
रायपुर के माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर में बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 24 वर्षीय आदिल खान के गहरे पानी में डूबने की सूचना है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और एसडीआरएफ से संपर्क किया। पुलिस के अनुसार मौदहापारा निवासी आदिल खान, पिता नासिर खान, अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लगी।

यह भी पढ़ें: Raipur: अभनपुर नपा अध्यक्ष पर FIR, CMO को ‘नंगा करके मारने’ की धमकी का आरोप, 20 मिनट तक गाली-गलौज का VIDEO वायरल
शर्त लगी और दोनों ने लगा दी पानी में छलांग
बताया गया कि शर्त के दौरान आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतर गए। दोस्त तैरकर बाहर निकल आया, लेकिन आदिल गहरे पानी की ओर चला गया और इसके बाद दिखाई नहीं दिया।दोस्तों ने घटना की जानकारी आसपास मौजूद लोगों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही माना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

अंधेरा बना रेस्क्यू में सबसे बड़ी बाधा
घटना के बाद एसडीआरएफ से संपर्क किया गया। हालांकि, रात होने, पानी की अधिक गहराई और अंधेरे की स्थिति को देखते हुए रात में सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया गया।आदिल के परिजन रात में ही रेस्क्यू अभियान शुरू करने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें समझाइश दी और सुरक्षा कारणों से सुबह अभियान शुरू करने का निर्णय लिया।
यह भी पढ़ें: Raipur: राष्ट्रीय ताइक्वांडो में छत्तीसगढ़ का दमदार पंच,14 साल के एडम अमीन ने जीता कांस्य पदक
सुबह 5:30 बजे से शुरू होगी तलाश
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे से ब्लू वाटर में युवक की तलाश शुरू करेगी। फिलहाल आदिल के पानी में डूबने के बाद उसके शव की तलाश की जा रही है।
9 साल में 10वीं मौत का दावा
ब्लू वाटर में हादसे का यह कोई पहला मामला नहीं है। उपलब्ध घटनाक्रम के अनुसार वर्ष 2017 से अब तक यहां डूबने से नौ लोगों की मौत हो चुकी है। बुधवार की घटना में यदि आदिल का शव बरामद होता है, तो वर्ष 2017 से अब तक यहां डूबने से मौतों का आंकड़ा 10 हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: Raipur: छत्तीसगढ़ में नशे में खतरनाक करतब,गले में जहरीला सांप लपेटकर घूमता रहा ग्रामीण, डसने के बाद अस्पताल से फरार
2025 में भी दो छात्रों की गई थी जान
31 अक्टूबर 2025 को भी ब्लू वाटर में बड़ा हादसा हुआ था। टाटीबंध के छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल के नौ छात्र स्कूल से बंक कर यहां पहुंचे थे। नहाने के दौरान जयेश साहू और मृदुल गहरे पानी में डूब गए थे। दोनों के शव अलग-अलग दिनों में बरामद किए गए थे।
खतरा दिखता है, लेकिन सुरक्षा इंतजाम नदारद
बारिश के बाद खदान में पानी भरने से ब्लू वाटर तालाब जैसा दिखाई देता है। इसी वजह से लोग यहां घूमने और नहाने पहुंचते हैं। लेकिन पानी की वास्तविक गहराई और खतरनाक हिस्सों की जानकारी नहीं होने के कारण लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। लगातार घटनाओं के बावजूद यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय स्तर पर जागरूकता की कमी के साथ-साथ खतरनाक हिस्सों की पर्याप्त घेराबंदी नहीं होने की बात भी सामने आती रही है।
यह भी पढ़ें: Raipur: चिदंबरम के नक्सलवाद पर बयान से भड़का बस्तर, पूर्व गृहमंत्री से माफी की मांग
ब्लू वाटर या मौत का गड्ढा?
एक बार फिर ब्लू वाटर में हुई घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की लापरवाही दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मनोरंजन और रोमांच के लिए खदान के गहरे पानी में उतरना किस तरह जानलेवा साबित हो सकता है, आदिल के साथ हुआ हादसा इसकी गंभीर तस्वीर सामने रखता है।





















