कांकेर में 1.50 लाख की रिश्वत लेते GST अफसर गिरफ्तार,ACB की टीम बिचौलिया भी दबोचा

रायपुर/कांकेर: छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य कर विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को 1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में रिश्वत की रकम पहुंचाने वाले कथित बिचौलिये इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है। ACB जगदलपुर की टीम ने 21 नवंबर को ट्रैप बिछाकर यह कार्रवाई की। रिश्वत की रकम वाहन को ई-वे बिल मामले में रिलीज कराने और प्रकरण में राहत देने के एवज में मांगी गई थी।
ई-वे बिल के नाम पर मांगी रिश्वत, ACB ने बिछाया जाल
मामला कांकेर निवासी शोएब रंगरेज की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, राज्य कर विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने उनके वाहन को ई-वे बिल के संबंध में रोके जाने के बाद रिलीज कराने और संबंधित प्रकरण में राहत देने के बदले 1.50 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय आरोपी अधिकारी को रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। इसके बाद उसने ACB में शिकायत दर्ज कराई। ACB ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की गई।
संबंधित खबर: बलरामपुर कलेक्टोरेट में ACB की दबिश, नागरिक आपूर्ति विभाग में मचा हड़कंप
घर पर रिश्वत लेते पकड़ी गईं सहायक आयुक्त
21 नवंबर को ACB जगदलपुर की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। इस दौरान सहायक आयुक्त अंचला गिरी को उनके निवास पर 1.50 लाख रुपए की रिश्वत राशि के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। ACB के मुताबिक, रिश्वत की यह रकम बिचौलिये इमरान मेमन के माध्यम से अधिकारी तक पहुंचाई गई थी। मामले में इमरान मेमन (30), निवासी संजय नगर, कांकेर की भूमिका सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद घर में संपत्ति की जांच
रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद ACB ने सहायक आयुक्त अंचला गिरी के निवास पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में तलाशी शुरू कर दी है। टीम द्वारा घर में मौजूद दस्तावेजों, संपत्ति से संबंधित रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की जांच की जा रही है। इस जांच का उद्देश्य अधिकारी की ज्ञात आय और अर्जित संपत्तियों के बीच संभावित अंतर का पता लगाना है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित खबर: 10 हजार की रिश्वत लेते प्राचार्य और बाबू को ACB ने किया गिरफ्तार, एरियर निकालने के बदले मांगी थी रकम
भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज
ACB के अनुसार, सहायक आयुक्त अंचला गिरी और इमरान मेमन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, आय से अधिक संपत्ति के संदेह में भी अलग से नियमानुसार जांच जारी है। फिलहाल ACB मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है। जांच के दौरान रिश्वत मांगने, रकम के लेनदेन और दोनों आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।




















