भोपाल में मां ने दो बच्चों को जहर देकर खुद भी खाया, तीनों की मौत; आटा देने से मना करने पर पति से हुआ था विवाद

भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक 37 वर्षीय रुखसाना ने शनिवार दोपहर कथित तौर पर अपनी 12 साल की बेटी और 8 साल के बेटे को जहरीला पदार्थ पिलाने के बाद खुद भी उसका सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन तीनों को हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शनिवार देर रात महिला की मौत हो गई। रविवार तड़के दोनों बच्चों ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।
आटा देने से मना करने पर पति ने लगाई थी फटकार
पुलिस के अनुसार, रुखसाना अपने पति फहीम और दो बच्चों के साथ अरवलिया में रहती थी। फहीम धार्मिक शिक्षा देने के साथ मैकेनिक की दुकान पर भी काम करते हैं। उनकी 12 वर्षीय बेटी छठी कक्षा और 8 वर्षीय बेटा दूसरी कक्षा में पढ़ता था। फहीम ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार दोपहर उनके छोटे भाई की पत्नी ने रुखसाना से आटा मांगा था। घर में आटा कम होने की बात कहकर रुखसाना ने देने से मना कर दिया। जब फहीम को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने पत्नी को सख्त लहजे में समझाया। इसके बाद से रुखसाना नाराज थी।
शनिवार दोपहर पति दुकान पर था, तभी मिली घटना की सूचना
फहीम के मुताबिक शनिवार दोपहर वह दुकान पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि रुखसाना ने दोनों बच्चों को जहरीला पदार्थ पिला दिया है और खुद भी उसका सेवन कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गेहूं के भंडारण में इस्तेमाल होने वाली सल्फास की गोली पानी में मिलाकर पिलाने की बात सामने आई है। हालांकि जहरीले पदार्थ और घटना की पूरी परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद परिजन तीनों को तत्काल हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर फहीम भी अस्पताल पहुंच गए।
पहले मां की मौत, फिर दोनों बच्चों ने तोड़ा दम
हमीदिया अस्पताल में तीनों का इलाज शुरू किया गया लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी रही। शनिवार देर रात रुखसाना की मौत हो गई। इसके कुछ घंटे बाद रविवार तड़के 12 वर्षीय बेटी और 8 वर्षीय बेटे ने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों में शोक है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में पारिवारिक विवाद की बात आई सामने
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद की जानकारी मिली है। पति फहीम ने शुक्रवार को आटा देने की बात पर हुए विवाद का जिक्र किया है।




















