ललित चंद्राकर को BJP में बड़ा पद, OBC मोर्चा के बने राष्ट्रीय महामंत्री,खम्हन ताम्रकार राष्ट्रीय कार्यसमिति में शामिल

रायपुर: छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव और प्रदेश के नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारी मिली है। दुर्ग ग्रामीण से भाजपा विधायक ललित चंद्राकर को भाजपा ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ के खम्हन ताम्रकार को राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है। भाजपा केंद्रीय कार्यालय की ओर से 21 नवंबर को नियुक्तियों की सूची जारी की गई। इन नियुक्तियों के साथ ही छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह मिली है।
संबंधित खबर: छत्तीसगढ़ BJP में हुआ बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, कर्मवीर बने संगठन महामंत्री
BJP के राष्ट्रीय संगठन में छत्तीसगढ़ की धमक
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) मोर्चा में राष्ट्रीय पदाधिकारियों, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों और अन्य संगठनात्मक दायित्वों के लिए नियुक्तियां की गई हैं। जारी सूची में देश के अलग-अलग राज्यों के नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस सूची में छत्तीसगढ़ से ललित चंद्राकर और खम्हन ताम्रकार के नाम शामिल हैं। आदेश के मुताबिक सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
ताम्रध्वज साहू को हराकर बने थे विधायक
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उनका मुकाबला कांग्रेस के दिग्गज नेता और तत्कालीन गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू से हुआ था। चुनावी मुकाबले में चंद्राकर ने ताम्रध्वज साहू को शिकस्त देकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। इस जीत के बाद दुर्ग ग्रामीण की राजनीति में उनकी सक्रियता बढ़ी। अब पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय संगठन में महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपकर बड़ा अवसर दिया है।
खम्हन ताम्रकार को भी राष्ट्रीय जिम्मेदारी
भाजपा ने छत्तीसगढ़ के खम्हन ताम्रकार को भी संगठन में महत्वपूर्ण स्थान दिया है। उन्हें ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति से राष्ट्रीय स्तर पर ओबीसी मोर्चा के संगठनात्मक कामकाज में छत्तीसगढ़ की भागीदारी बढ़ेगी। दोनों नेताओं को मिली जिम्मेदारी को प्रदेश भाजपा के लिए महत्वपूर्ण संगठनात्मक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
संबंधित खबर: स्मृति ईरानी की मैराथन बैठकें,विधायकों-सांसदों से वन-टू-वन चर्चा, CM साय भी पहुंचे BJP कार्यालय
छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए क्या है सियासी मायने?
भाजपा के ओबीसी मोर्चा में छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलना प्रदेश के संगठनात्मक महत्व को दर्शाता है। खासकर ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने से उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ काम करने और संगठन को मजबूत करने का अवसर मिलेगा।




















