Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भटगांव में रफ्तार का कहर अनियंत्रित हो पेड़ से टकराई कार, 18 साल के युवक की मौत; दूसरा युवक गंभीर

छत्तीसगढ़ के भटगांव में शनिवार सुबह तेज रफ्तार ऑल्टो कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में 18 वर्षीय ताहिर खान की मौत हो गई, जबकि अकरम खान गंभीर घायल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार धनुष की तरह मुड़ गई। एक महीने में क्षेत्र में सड़क हादसों से चार मौतें हो चुकी हैं। धनुष की तरह मुड़ी ऑल्टो कार, सुबह टहल रहे व्यक्ति को बचाने के दौरान हादसे की आशंका, एक महीने में सड़क हादसों ने ली 4 जानें
भटगांव में रफ्तार का कहर अनियंत्रित हो पेड़ से टकराई कार, 18 साल के युवक की मौत; दूसरा युवक गंभीर

सारंगढ़ बिलाईगढ़: छत्तीसगढ़ के भटगांव में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। शनिवार सुबह नगर पंचायत क्षेत्र में आर्बीट कंप्यूटर के सामने मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार धनुष के आकार में मुड़ गई। हादसे में 18 वर्षीय ताहिर खान की मौत हो गई, जबकि कार चला रहे अकरम खान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

मौत की टक्कर, पेड़ से भिड़ते ही पिचक गई कार

जानकारी के अनुसार, ऑल्टो कार क्रमांक CG 12 D 5316 में अकरम खान और ताहिर खान सवार थे। दोनों की उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है। शनिवार सुबह मुख्य मार्ग से गुजरते समय कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला और साइड का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

संबंधित खबर: धमतरी में चलते-चलते सड़क पर सो गया युवक, अज्ञात वाहन ने कुचला, CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा

सुबह टहल रहे व्यक्ति को बचाने की कोशिश में हादसा!

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान सड़क पर सुबह टहल रहे एक व्यक्ति को बचाने के लिए चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। आशंका है कि इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ा। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

अस्पताल पहुंचते ही एक युवक को मृत घोषित किया

हादसे की सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल बिलाईगढ़ पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने ताहिर खान को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अकरम खान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, हादसे के कारणों की पड़ताल

घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस वाहन की स्थिति, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगाने की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

संबंधित खबर: भंडारा हादसे पर CM साय का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार

एक महीने में चौथी मौत! भटगांव की सड़कों पर लगातार हादसे

इस हादसे ने एक बार फिर भटगांव क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चिंता की बात यह है कि पिछले एक महीने के दौरान क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की जान जा चुकी है। इन दुर्घटनाओं में प्रमुख रूप से शामिल हैं:

बिर्रा मोड़: सड़क हादसे में दर्दनाक मौत।

कॉलेज रोड: दुर्घटना में गई एक जान।

सिंघिचूवा रोड: सड़क हादसे में मौत।

जमगहन रोड: ताजा हादसे में 18 वर्षीय ताहिर खान की मौत।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों को चिंता में डाल दिया है। क्षेत्रवासियों के बीच सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठने लगी है।

पुलिस और पत्रकार की अपील: रफ्तार नहीं, जिंदगी जरूरी

भटगांव पुलिस एवं स्थानीय युवा पत्रकार के.पी. पटेल ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का ध्यान रखें, सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग करें तथा वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज दुरुस्त रखें। नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकें और पर्याप्त प्रशिक्षण के बाद ही मुख्य मार्ग पर वाहन चलाएं। एक पल की लापरवाही किसी परिवार की पूरी जिंदगी का दर्द बन सकती है। सड़क पर आपकी सुरक्षा ही आपके परिवार की सबसे बड़ी खुशी है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts