Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'Kisna' ज्वेलरी शोरूम चोरी के 11 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ, करोड़ों के जेवर गायब; मुख्य आरोपी अब भी फरार

कटनी के माधवनगर थाना क्षेत्र में किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में हुई करोड़ों की चोरी के 11 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है। मामले में कोलकाता से एक आरोपी बदरुद्दीन शेख गिरफ्तार हुआ है, लेकिन गिरोह का मुख्य सरगना अब्जुल और अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
'Kisna' ज्वेलरी शोरूम चोरी के 11 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ, करोड़ों के जेवर गायब; मुख्य आरोपी अब भी फरार
कटनी में करोड़ों की चोरी करने वाला गिरोह अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर

कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी में बरगवां रोड स्थित 'किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वैलरी शोरूम' में हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस को अब तक बड़ी सफलता नहीं मिली है। वारदात के 11 दिन बीत चुके हैं, लेकिन चोरी हुए सोने-हीरे के आभूषण बरामद नहीं हो सके हैं। कोलकाता से गिरफ्तार आरोपी बदरुद्दीन शेख की 7 दिन की पुलिस रिमांड भी खत्म होने वाली है। वहीं, गिरोह का मुख्य सरगना अब्जुल और उसके अन्य साथी अब भी फरार हैं।

7 दिन की रिमांड में भी नहीं मिला चोरी के जेवरों का सुराग

पुलिस ने कोलकाता से आरोपी बदरुद्दीन शेख को गिरफ्तार कर कटनी लाया था। अदालत से उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया। इस दौरान पुलिस लगातार उससे पूछताछ कर रही है, लेकिन अब तक चोरी के आभूषणों का ठोस सुराग नहीं मिला है।

पूछताछ में आरोपी कभी वारदात में शामिल होने से इनकार कर रहा है, तो कभी साथियों के साथ विवाद और चोरी में हिस्सा नहीं मिलने की बात कह रहा है। पुलिस उसके बयानों की जांच कर रही है।

32 CCTV कैमरों के कनेक्शन काटकर की थी चोरी

जांच में सामने आया है कि चोरी की वारदात को बेहद योजना बनाकर अंजाम दिया गया था। गिरोह के सदस्यों ने वारदात से पहले सतना और कटनी में रेकी की थी। इसके बाद शोरूम के 32 सीसीटीवी कैमरों के कनेक्शन काट दिए गए और पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया गया।

आरोपियों ने आपस में संपर्क बनाए रखने के लिए करीब 25 सिम कार्ड और व्हाट्सएप कॉलिंग का इस्तेमाल किया था। पुलिस को दो संदिग्धों के फिंगरप्रिंट मैच होने की जानकारी भी मिली है। दूसरे राज्यों में हुई पुरानी वारदातों से भी कड़ियां जोड़कर जांच की जा रही है।

झारखंड के सरगना अब्जुल की तलाश जारी

पुलिस जांच में झारखंड के साहिबगंज से जुड़े गिरोह का नाम सामने आया है। इस गिरोह का मुख्य सरगना अब्जुल उर्फ अब्दुल बताया जा रहा है। वह अपने अन्य साथियों के साथ अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा सहित कई राज्यों में दबिश दे रही हैं।

करोड़ों की चोरी से व्यापारियों में चिंता

घटना के 11 दिन बाद भी जेवरात बरामद नहीं होने से कटनी के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। फिलहाल पुलिस की सबसे बड़ी चुनौती फरार आरोपियों को पकड़ना और चोरी हुए करोड़ों रुपये के आभूषण बरामद करना है। अब देखना होगा कि बदरुद्दीन की रिमांड खत्म होने से पहले पुलिस को इस मामले में कोई बड़ा सुराग मिलता है या नहीं।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts