Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इजराइल में नई सरकार बनाने की कवायद तेज, अइसेनकोट ने नेतन्याहू की लिकुड पार्टी को बातचीत का न्योता दिया

इजराइल में चुनाव के बाद जारी राजनीतिक गतिरोध खत्म करने के लिए गादी अइसेनकोट ने लिकुड पार्टी को गठबंधन वार्ता के लिए आमंत्रित किया है। 6 दिसंबर तक सरकार बनाने की समयसीमा के बीच विपक्षी दलों में गठबंधन के स्वरूप को लेकर मतभेद बने हुए हैं।
इजराइल में नई सरकार बनाने की कवायद तेज, अइसेनकोट ने नेतन्याहू की लिकुड पार्टी को बातचीत का न्योता दिया
बेंजामिन नेतन्याहू और गादी आइसेनकोट

तेल अवीव। इजराइल में नई सरकार के गठन को लेकर कई दिनों से चल रही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सरकार बनाने की जिम्मेदारी संभाल रहे गादी अइसेनकोट ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की पार्टी लिकुड को गठबंधन के मुद्दे पर विस्तृत बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। पिछले महीने हुए चुनावों के बाद पैदा हुए राजनीतिक गतिरोध को खत्म करने की दिशा में इसे एक अहम पहल माना जा रहा है। अइसेनकोट की मध्यमार्गी पार्टी 'यशार' ने जानकारी दी कि उनकी वार्ता टीम को लिकुड के प्रतिनिधियों के साथ व्यापक चर्चा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए पहली बैठक रविवार को है। इस पहल का उद्देश्य इजराइल में अधिक से अधिक दलों को साथ लेकर एक व्यापक एकता सरकार बनाने की संभावनाएं तलाशना है।

यह भी पढें: ईरान में सत्ता परिवर्तन नहीं चाहते ट्रंप, बोले- परमाणु हथियार रोकने के लिए करेंगे स्थायी समझौता

चुनाव में किसी दल को नहीं मिला बहुमत

27 अक्टूबर को हुए चुनाव में इजराइल की 120 सदस्यीय संसद (नेसेट) में किसी भी राजनीतिक गठबंधन को बहुमत के लिए जरूरी 61 सीटें हासिल नहीं हुईं। ऐसे में अइसेनकोट के सामने अलग-अलग दलों को साथ लाकर सरकार बनाने की चुनौती है। उन्हें नई सरकार के गठन के लिए 6 दिसंबर तक का समय दिया गया है। हालांकि, इस समयसीमा को आगे बढ़ाने का विकल्प भी मौजूद है। नई सरकार बनने के बाद नेतन्याहू की जगह नया प्रधानमंत्री कार्यभार संभालेगा। इजराइल के पूर्व सैन्य प्रमुख अइसेनकोट को सरकार बनाने की जिम्मेदारी 67 सांसदों के समर्थन के बाद मिली थी। इनमें उनके अपने राजनीतिक गठबंधन के 48 और अरब पार्टियों के 19 सांसद शामिल थे।

यह भी पढें: इजराइल की अगली सरकार को लेकर एविग्डोर लिबरमैन का बड़ा दावा, बोले- गादी आइसेनकोट के पास 100% मौका

विपक्षी दलों में सरकार के स्वरूप को लेकर मतभेद

अइसेनकोट की कोशिशों के बीच उनके विपक्षी खेमे में इस बात को लेकर एकराय नहीं है कि अगली सरकार किस तरह बनाई जाए और उसमें नेतन्याहू की लिकुड पार्टी को शामिल किया जाना चाहिए या नहीं। विपक्षी गठबंधन में पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट, यिसरायल बेतेनु के प्रमुख एविग्डोर लिबरमैन और डेमोक्रेट्स पार्टी के नेता यायर गोलान भी शामिल हैं। इन नेताओं ने नेतन्याहू की सरकार को सत्ता से हटाने के लिए अभियान चलाया था। हालांकि, संसद में बहुमत हासिल करने के तरीके को लेकर उनके बीच अभी भी मतभेद हैं।

 बेनेट ने अइसेनकोट के नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन दिया

'द टाइम्स ऑफ इजराइल' की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को नेतन्याहू के साथ लंबी बैठक के बाद नफ्ताली बेनेट ने शनिवार को अपना पहला सार्वजनिक बयान दिया। इसमें उन्होंने अइसेनकोट के नेतृत्व में राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने के समर्थन की बात दोहराई। दोनों पक्षों ने नेतन्याहू और बेनेट के बीच हुई बैठक को आधिकारिक तौर पर सुरक्षा ब्रीफिंग बताया था। हालांकि, इसके बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई थी कि बेनेट किसी नए गठबंधन की संभावना तलाश रहे हैं। बेनेट ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि वह अइसेनकोट के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए अपने सहयोगियों के साथ काम करने को प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह नेतन्याहू को दोबारा प्रधानमंत्री बनने से रोकने के पक्ष में हैं।

यशार पार्टी ने बताया ईमानदार प्रयास

यशार पार्टी ने अपने बयान में कहा कि लिकुड को बातचीत का न्योता देना एक व्यापक सरकार बनाने की दिशा में गंभीर और ईमानदार कोशिश है। पार्टी के मुताबिक, उसकी वार्ता टीम गठबंधन बातचीत को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। इसके लिए जरूरत पड़ने पर साहसिक फैसले लेने से भी पीछे नहीं हटा जाएगा।

लिकुड ने गठबंधन वार्ता के लिए रखीं शर्तें

अइसेनकोट की ओर से बातचीत का न्योता मिलने के बावजूद नेतन्याहू की लिकुड पार्टी ने गठबंधन बनाने के लिए कई शर्तें सामने रखी हैं। इन मांगों से दोनों पक्षों के बीच मौजूद राजनीतिक मतभेद भी स्पष्ट होते हैं। लिकुड ने मांग की कि नेतन्याहू और उनकी सरकार के खिलाफ जारी राजनीतिक बहिष्कार खत्म किया जाए। इसके साथ ही पार्टी ने व्यक्तिगत हमले और उकसावे वाली गतिविधियां बंद करने की शर्त भी रखी है। हालांकि, लिकुड ने अपनी मांगों में सीधे तौर पर यह नहीं कहा कि नई सरकार में प्रधानमंत्री का पद नेतन्याहू को ही मिलना चाहिए। पार्टी ने एक साझा घोषणापत्र तैयार करने की मांग भी की है। इसमें इजराइल को यहूदी लोगों का राष्ट्र-राज्य घोषित करने की बात शामिल होनी चाहिए। इसके अलावा लिकुड ने ऐसी पार्टियों के साथ किसी भी प्रकार का राजनीतिक सहयोग नहीं करने की प्रतिबद्धता मांगी है, जिन पर आतंकवाद का समर्थन करने के आरोप लगाए जाते हैं।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts