ईरान में सत्ता परिवर्तन नहीं चाहते ट्रंप, बोले- परमाणु हथियार रोकने के लिए करेंगे स्थायी समझौता

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि वह ईरान में सत्ता परिवर्तन नहीं चाहते, बल्कि तेहरान के साथ एक स्थायी समझौता करना उनकी प्राथमिकता है। उनका कहना है कि इस समझौते का उद्देश्य संघर्ष को समाप्त करना और ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है। फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि ईरान में सत्ता परिवर्तन को लेकर उनकी कभी विशेष दिलचस्पी नहीं रही।
यह भी पढ़ें: ईरान युद्ध में एक्सपायर टॉमाहॉक मिसाइलें दागने की अमेरिकी नौसेना ने की पुष्टि, हथियारों के भंडार पर उठे सवाल
परमाणु हथियारों पर ट्रंप का सख्त रुख
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वह ईरान के साथ ऐसा समझौता करना चाहते हैं, जो लंबे समय तक प्रभावी रहे। इससे संघर्ष खत्म करने के साथ क्षेत्र में शांति स्थापित करने में मदद मिलेगी और ईरान परमाणु हथियार हासिल नहीं कर सकेगा। ट्रंप ने दोहराया कि वह किसी भी देश को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि समझौता इतना मजबूत होना चाहिए कि भविष्य में अमेरिका का कोई अयोग्य राष्ट्रपति भी सत्ता में आए, तब भी उसकी शर्तें लागू रहें। ट्रंप की यह टिप्पणी उनके उस बयान के कुछ दिन बाद आई है, जो उन्होंने एक इजराइली टीवी नेटवर्क को दिया था। उस दौरान उन्होंने कहा था कि उन्हें कोई जल्दबाजी नहीं है और ईरान के साथ युद्ध में अगला कदम तय करने के लिए वह 2027 तक इंतजार कर सकते हैं।
अमेरिका और इजराइल फिर कर सकते हैं ईरान पर हमला
एक तरफ ट्रंप स्थायी समझौते की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ईरान पर नए सैन्य हमले की आशंका भी जताई जा रही है। CBS न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि अमेरिका और इजराइल निकट भविष्य में ईरान पर एक और हमला करने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का प्रशासन इस बात को लेकर चिंतित है कि ईरान अपनी हथियार उत्पादन क्षमता को कितनी तेजी से दोबारा मजबूत कर रहा है।
ट्रंप बोले- पहले दो समूहों को हटाया, अब तीसरे से निपट रहे
फॉक्स न्यूज के एंकर से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्होंने पहले और दूसरे समूह को हटा दिया है और अब तीसरे समूह से निपट रहे हैं। उनके मुताबिक, इसे एक तरह का अंतिम सत्ता परिवर्तन कहा जा सकता है। ट्रंप का यह बयान ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खमेनेई की मौत के संदर्भ में था। गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने ईरान के खिलाफ संयुक्त सैन्य अभियान शुरू किया था। इस दौरान सैन्य ठिकानों के साथ नेताओं के आवासों और कार्यालयों को भी निशाना बनाया गया। इस कार्रवाई में अयातुल्ला अली खमेनेई समेत कई ईरानी अधिकारी मारे गए थे।
ईरान के मौजूदा नेतृत्व को लेकर ट्रंप की दो राय
ट्रंप ने ईरान के वर्तमान नेतृत्व पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक तरफ मौजूदा नेताओं को समझदार बताया, वहीं दूसरी ओर उनके साथ बातचीत और काम करने को बेहद मुश्किल करार दिया। ट्रंप के अनुसार, ईरान का मौजूदा नेतृत्व पहले से अलग रवैया अपना रहा है। उन्होंने कहा कि ये लोग शायद अधिक समझदार हैं, लेकिन इनके साथ समझौता करना आसान नहीं है। उनके मुताबिक, समझौता होने के अगले ही दिन ईरान उसे तोड़ देता है।
रासायनिक और जैविक हथियारों के आरोपों को ईरान ने नकारा
इस बीच, ईरान ने ट्रंप के उन आरोपों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि तेहरान रासायनिक या जैविक हथियार विकसित करने की कोशिश कर सकता है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी आरोपों को लगातार बदलने वाला बताया। मंत्रालय के मुताबिक ये आरोप उसी भ्रामक पटकथा का हिस्सा हैं, जिसका इस्तेमाल अमेरिका ने 2003 में इराक पर सैन्य कार्रवाई को सही ठहराने के लिए किया था।




















