पुरानी रंजिश या जमीन विवाद?प्रयागराज में चाय पीते समय प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, माफिया अतीक अहमद के करीबी पर FIR

प्रयागराज के करेली इलाके में प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने चाय पीते समय सीने में गोली मारी। जमीन विवाद में हत्या की आशंका है। बेटे की शिकायत पर अतीक अहमद के करीबी आसिफ दुर्रानी और उसके भाई समेत अन्य के खिलाफ FIR दर्ज हुई है।
Follow on Google News
प्रयागराज में चाय पीते समय प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, माफिया अतीक अहमद के करीबी पर FIR
अतीक अहमद के भाई अशरफ के ड्राइवर रहे इरफान की हत्या। (फाइल फोटो))
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना करेली थाना क्षेत्र के बिस्मिल्ला चौराहे के पास हुई, जहां चार नकाबपोश बदमाश बाइक से पहुंचे और चाय पी रहे प्रॉपर्टी डीलर को निशाना बनाते हुए सीने में गोली मार दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में जमीन विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।

    कौन थे मृतक मोहम्मद इरफान

    मृतक की पहचान ऐनुद्दीनपुर निवासी मोहम्मद इरफान (47) के रूप में हुई है। इरफान पहले माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ के ड्राइवर रह चुके थे। बाद में उन्होंने प्रॉपर्टी डीलिंग का काम शुरू कर दिया था। बताया जा रहा है कि, इरफान के परिवार में उनकी पत्नी मंगरुल निशा, दो बेटे मोहम्मद आमिर और फैसल, तथा दो बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

    घर से 250 मीटर दूर मारी गई गोली

    जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम करीब 6:30 बजे इरफान अपने घर से लगभग 250 मीटर दूर बिस्मिल्ला चौराहे के पास चाय पी रहे थे। उसी दौरान दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। उनमें से एक बदमाश ने इरफान के सीने के बाईं ओर गोली मार दी। गोली लगते ही इरफान जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बदमाश वारदात को अंजाम देकर अंधीपुर की तरफ भाग निकले।

    Featured News

    परिजनों ने की आरोपियों की गिरफ्तारी

    घटना की खबर मिलते ही परिजन और रिश्तेदार SRN अस्पताल पहुंचे। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजन बार-बार यही कह रहे थे कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर इरफान की हत्या क्यों की गई। परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

    अतीक के करीबी आसिफ दुर्रानी समेत कई पर FIR

    मृतक के बड़े बेटे मोहम्मद आमिर ने करेली थाने में देर रात FIR दर्ज कराई। शिकायत में अतीक अहमद के करीबी चकिया निवासी आसिफ दुर्रानी, उसके भाई राशिद और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। परिजनों का आरोप है कि, ये लोग पहले इरफान के साथ जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करते थे और इसी दौरान कई बार विवाद भी हुआ था। पुलिस का मानना है कि, जमीन को लेकर पुरानी रंजिश इस हत्या की वजह हो सकती है।

    आपराधिक मामलों में नामजद रहा है आसिफ दुर्रानी

    पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आसिफ दुर्रानी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ धूमनगंज थाने में 17 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। कई मामलों में उसका नाम माफिया अतीक अहमद के साथ जुड़ा रहा है। 2020 में अवैध स्लॉटर हाउस संचालन का मामला सामने आया था। 2021 में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने उसके आलीशान मकान पर बुलडोजर कार्रवाई भी की थी। इसके अलावा गवाहों को धमकाने जैसे गंभीर आरोप भी उस पर लग चुके हैं।

    यह भी पढ़ें: वंदे मातरम विवाद पर सियासी विस्फोट: केके मिश्रा का ट्वीट  " राष्ट्रधर्म नहीं निभा सकते हैं  वे जाएं भाड़ में, पाकिस्तान जाकर बसें

    पुलिस की जांच में दोस्त और करीबियों पर शक

    पुलिस जांच में कई अहम सुराग सामने आए हैं। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि इरफान का कुछ लोगों के साथ प्रॉपर्टी और लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी आधार पर पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ऐसे लोगों से भी पूछताछ कर रही है जो इरफान के नियमित संपर्क में रहते थे।

    CCTV फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस

    घटना के बाद पुलिस ने इलाके के 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। एक फुटेज में आरोपी नजर भी आए हैं, लेकिन उनका चेहरा साफ नहीं दिख रहा है क्योंकि सभी बदमाश नकाब पहने हुए थे। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

    Breaking News

    पुलिस का बयान

    डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि, शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश के चलते हत्या की आशंका सामने आई है। उन्होंने कहा कि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं करेली थाना प्रभारी आशीष सिंह का कहना है कि मुख्य आरोपी आसिफ दुर्रानी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

    पोस्टमॉर्टम के बाद होगी आगे की कार्रवाई

    पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। घटना के बाद करेली और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts