संसद भवन की सुरक्षा में फिर सेंध : दीवार फांदकर गरुड़ द्वार तक पहुंचा युवक, कल ही खत्म हुआ था मानसून सत्र

नई दिल्ली। देश की सर्वोच्च संस्था संसद भवन की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शुक्रवार सुबह (22 अगस्त 2025) एक युवक पेड़ के सहारे दीवार फांदकर संसद भवन परिसर में घुस गया और सीधे नई संसद भवन के गरुड़ द्वार तक पहुंच गया। वहां मौजूद सतर्क सुरक्षाबलों ने तुरंत उसे दबोच लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
कैसे हुई घटना?
जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 5:50 से 6:30 बजे के बीच यह युवक रेलभवन की ओर से संसद की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुआ। बताया जाता है कि आरोपी ने पेड़ का सहारा लेकर दीवार पार की और कुछ ही मिनटों में संसद के गरुड़ द्वार तक पहुंच गया। गश्त कर रहे CISF जवानों ने उसे देखते ही पकड़ लिया।
कौन है युवक
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी रामा (उम्र करीब 20 साल) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। उसके पास से कोई बैग या आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ है। संसद सुरक्षा विंग और दिल्ली पुलिस की टीमें उससे लगातार पूछताछ कर रही हैं।
मानसून सत्र खत्म, फिर भी सुरक्षा में सेंध
गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र गुरुवार (21 अगस्त) को ही समाप्त हुआ था और सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। इस दौरान संसद परिसर अपेक्षाकृत शांत था। इसके बावजूद कोई व्यक्ति आसानी से दीवार फांदकर अंदर घुस गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई।
पहले भी हो चुकी हैं सुरक्षा में चूक
अगस्त 2024: एक मानसिक रूप से बीमार युवक संसद ऐनेक्सी की दीवार फांदकर अंदर घुस गया था। CISF ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था।
दिसंबर 2023: संसद हमले की बरसी के दिन दो लोग दर्शक दीर्घा से कूदकर लोकसभा कक्ष में घुस गए थे और पीले धुएं के कैनिस्टर छोड़ दिए थे। उसी दौरान बाहर दो अन्य आरोपी प्रदर्शन कर रहे थे। इस मामले में कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया और दिल्ली पुलिस ने 900 पन्नों से अधिक की चार्जशीट दाखिल की थी।
दिसंबर 2001: संसद पर लश्कर और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने हमला किया था जिसमें 9 लोग शहीद हुए थे और पांचों आतंकी मारे गए थे।
एजेंसियों की जांच जारी
जानकारी के मुताबिक, संसद सुरक्षा विंग ने घटना की जानकारी आईबी, दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को दे दी है। अब आरोपी की मानसिक स्थिति और मंशा का पता लगाने की कोशिश हो रही है।
कितनी सुरक्षित है संसद?
लगातार सामने आ रही सुरक्षा चूकें इस बात की ओर इशारा करती हैं कि संसद भवन, जिसे 5-लेयर सुरक्षा में रखा जाता है, वहां भी सेंध लगाना संभव हो रहा है। इससे न सिर्फ सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता पर सवाल उठते हैं बल्कि यह भी साबित होता है कि सुरक्षा मानकों को और सख्त करने की जरूरत है।
ये भी पढ़ें: नसबंदी कर छोड़े जाएंगे पकड़े गए कुत्ते… आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, कहा- हर जगह न दिया जाए खाना




















