पांढुर्णा में ट्रैफिक और अपराध पर सख्ती के संकेत, पत्रकारों से SP विदिता डागर ने की चर्चा

छिंदवाड़ा-पांढुर्णा। पांढुर्णा में पुलिस व्यवस्था और शहर की समस्याओं को लेकर जिला प्रेस क्लब के सदस्यों ने नवागत पुलिस अधीक्षक विदिता डागर से मुलाकात की। 12 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे हुई इस बैठक में पत्रकारों ने शहर के प्रमुख स्थानों पर यातायात की परेशानी और कुछ अन्य स्थानीय मुद्दों की जानकारी दी। SP ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए अपराध से जुड़ी सूचनाएं सीधे उन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की स्थिति को समझने के लिए उन्हें करीब 10 से 15 दिन का समय चाहिए। इसके बाद जरूरत के अनुसार व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।
पत्रकारों से मिलीं नवागत SP, सहयोग की अपील
पांढुर्णा जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने नवागत SP विदिता डागर से मुलाकात कर उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। पत्रकारों से चर्चा के दौरान SP ने कहा कि उन्हें मीडिया और आम नागरिकों से संवाद करना अच्छा लगता है। उन्होंने बच्चों और महिलाओं से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने में भी रुचि जताई। साथ ही, अपराध से संबंधित किसी भी सूचना को सीधे उनके मोबाइल नंबर पर साझा करने की अपील की।
बस स्टैंड और चौराहों पर ट्रैफिक की समस्या उठाई
मुलाकात के दौरान पत्रकारों ने शहर की यातायात व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड परिसर और दो-तीन प्रमुख चौराहों पर अक्सर ट्रैफिक की परेशानी रहती है। इन स्थानों पर यातायात पुलिस की तैनाती होने से लोगों को राहत मिल सकती है। पत्रकारों ने SP से इस समस्या पर ध्यान देने का आग्रह किया।
अवैध कारोबार, जुआ और सट्टे पर भी चर्चा
बैठक में शहर में कथित अवैध कारोबार, जुआ और सट्टे सहित अन्य स्थानीय मुद्दों पर भी बातचीत हुई। पत्रकारों ने इन विषयों की ओर पुलिस प्रशासन का ध्यान दिलाया। चर्चा का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था बेहतर बनाने और आम लोगों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना रहा।
10 से 15 दिन में स्थिति समझकर होगा सुधार
SP विदिता डागर ने पत्रकारों को भरोसा दिलाया कि उन्हें पांढुर्णा की स्थिति समझने के लिए 10 से 15 दिन का समय लगेगा। इसके बाद जरूरी कदम उठाकर व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष लक्ष्मीकांत ढोके, संरक्षक राधेश्याम बेलखडे, उपाध्यक्ष उमेश पाल, सचिव अजय तावरे, कोषाध्यक्ष दीपक रावल, सहसचिव पंकज मदान, सह कोषाध्यक्ष लक्ष्मीकांत कावले सहित सुखदेव घोडे, अशोक आरन, पंकज कोरडे, सुधीर नांदेकर, मनोज सातपुते और सोशल मीडिया प्रभारी प्रशांत माहूरकर मौजूद रहे।
EDIT BY: ADITI RAWAT




















