न्यूयॉर्क से इजरायल पहुंची डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट में बम की सूचना से हड़कंप, एयरपोर्ट पर जांच जारी

न्यूयॉर्क से इजरायल आ रही डेल्टा एयरलाइंस (Delta Airlines) की फ्लाइट में अचानक बम होने की गुमनाम सूचना मिलने के बाद हड़कंप मच गया। इजरायल एयरपोर्ट्स अथॉरिटी को जैसे ही विमान में विस्फोटक होने की खबर मिली, बेन गुरियन एयरपोर्ट पर तुरंत इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया।
सभी यात्री सुरक्षित, विमान की ली जा रही तलाशी
विमान के लैंड होते ही सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को फ्लाइट से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा बलों ने पूरे विमान को अपने कब्जे में लेकर सघन तलाशी अभियान (Search Operation) शुरू कर दिया है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध सामग्री के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
कुछ दिन पहले ही हुआ था फ्लाईदुबई फ्लाइट में हमला
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब कुछ ही दिन पहले 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई (FlyDubai) की फ्लाइट FZ1073 में एक बड़ा हादसा होते-होते बचा था। उस घटना में ओमानी को-पायलट हम्माम अल-हममी ने कॉकपिट के अंदर भारतीय कैप्टन स्मित मछार (Smit Machchhar) पर कुल्हाड़ी से हमला कर विमान को क्रैश कराने की साजिश रची थी। हालांकि, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मछार ने अद्भुत बहादुरी दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया था, जिसके बाद यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू में किया था।
जांच एजेंसियों की कड़ी नजर
इजरायली सुरक्षा एजेंसियां और एयरपोर्ट अथॉरिटी डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट को मिली बम की इस धमकी को बेहद गंभीरता से ले रही हैं और फर्जी कॉल करने वाले का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं।




















