महाराष्ट्र की राजनीति में उलटफेर !उद्धव ठाकरे गुट के 6 बागी सांसद आज कर सकते हैं शिंदे गुट में शामिल होने का ऐलान

राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) को बड़ा झटका लगने की संभावना जताई जा रही है क्योंकि पार्टी के 6 सांसदों के बागी रुख अपनाने की खबरें सामने आई हैं। ये सभी सांसद अलग-अलग शहरों से मुंबई पहुंच रहे हैं और यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने अगले कदम का ऐलान कर सकते हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि ये सांसद एकनाथ शिंदे गुट के साथ जुड़ सकते हैं। इस घटनाक्रम से महाराष्ट्र की सियासत में बड़ा राजनीतिक समीकरण बदल सकता है।
अलग शहरों से पहुंचे सांसद
सूत्रों के अनुसार, उद्धव ठाकरे गुट के ये 6 सांसद पहले देश के अलग अलग हिस्सों जैसे चेन्नई, कोलकाता, पुणे और मुंबई में मौजूद थे। अब ये सभी मुंबई में एक साथ इकट्ठा हो रहे हैं। माना जा रहा है कि यहीं से आगे की रणनीति तय की जाएगी और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए अपना रुख साफ किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में हो सकता है बड़ा ऐलान
इन सांसदों के प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा है। कहा जा रहा है कि वे अपने फैसले के पीछे की वजहें सार्वजनिक कर सकते हैं। साथ ही यह भी बताया जा सकता है कि उन्होंने उद्धव ठाकरे गुट से अलग होने का निर्णय किन परिस्थितियों में लिया।
शिंदे गुट में शामिल होने की अटकलें तेज
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, इन सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। चर्चा यह भी है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद ये सभी सांसद शिंदे से मुलाकात कर सकते हैं। इससे राज्य की सियासत में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
पार्टी में पहले से चल रही थी खींचतान
शिवसेना (UBT) में पिछले कुछ समय से अंदरूनी मतभेद की खबरें सामने आ रही थीं। बताया जा रहा है कि ये सांसद पहले ही कुछ महत्वपूर्ण बैठकों से दूरी बनाए हुए थे। इसके बाद पार्टी की ओर से इन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था।












