नई दिल्ली। नए साल 2026 की शुरुआत देशभर में आस्था, उल्लास और उम्मीदों के साथ हुई। 1 जनवरी को धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली तो वहीं पर्यटन स्थलों पर सैलानियों ने नए साल का जश्न मनाया। मंदिरों में दर्शन, संगम में स्नान, रेगिस्तान में उत्सव और शहरों में आतिशबाजी के बीच देश ने नए साल का स्वागत किया।
नव वर्ष के पहले दिन देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
उज्जैन: महाकाल के दरबार में लाखों श्रद्धालु
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में नए साल पर विशेष भीड़ रही। भगवान महाकाल के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचे। खास बात यह रही कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना समेत टीम की कुछ सदस्य भी महाकाल के दर्शन करने पहुंचीं।
वाराणसी: काशी विश्वनाथ में 3 किमी लंबी कतार
उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की करीब 3 किलोमीटर लंबी लाइन लगी रही। सुबह से देर रात तक भक्त बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए कतार में खड़े नजर आए।
हरिद्वार : श्रद्धालुओं ने हर की पौड़ी पर किया स्नान
मथुरा: बांके बिहारी मंदिर में रिकॉर्ड भीड़
श्री बांके बिहारी मंदिर, मथुरा में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से 5 जनवरी तक दर्शन के लिए न आने की अपील की है।
सीकर: खाटूश्यामजी में 72 घंटे लगातार दर्शन
राजस्थान के सीकर स्थित खाटूश्यामजी मंदिर में नए साल पर 72 घंटे तक लगातार दर्शन की व्यवस्था की गई है। यहां देशभर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
अमृतसर और प्रयागराज
पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने मत्था टेका।
वहीं प्रयागराज में श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान कर नए साल की शुरुआत की।
नए साल के मौके पर देश के अलग-अलग हिस्सों से साल 2026 के पहले सूर्योदय की तस्वीरें सामने आईं।
कन्याकुमारी में 2026 की पहली सुबह
मध्य प्रदेश : भोपाल में वर्ष 2026 का पहला सूर्योदय
मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया से 2025 के आखिरी सूर्योदय का दृश्य
इन तस्वीरों ने नए साल की शुरुआत को और खास बना दिया।
राजस्थान के जैसलमेर स्थित सम के रेगिस्तान में सैलानी नए साल का जश्न मनाते नजर आए। देश-विदेश से आए पर्यटकों ने संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ नए साल का स्वागत किया।
दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और शिमला समेत देश के बड़े शहरों में आधी रात को आतिशबाजी, संगीत और पार्टियों के साथ नव वर्ष 2026 का स्वागत किया गया। नई दिल्ली में कनॉट प्लेस और इंडिया गेट जैसे प्रमुख स्थानों पर भारी भीड़ उमड़ी। लोग नाचते-गाते और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते नजर आए।
यह भी पढ़ें: Happy New Year 2026 : नए साल के स्वागत में झूम उठा देश, दिल्ली-MP से लेकर चारों तरफ जश्न का माहौल, देखे तस्वीरें