त्रिपुरा में BSF जवानों पर हमले के मामले में 9 आरोपी गिरफ्तार, 2 कांस्टेबल और असिस्टेंट कमांडेंट घायल

अगरतला। त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में BSF जवानों पर हमले के मामले में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 6 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। आरोप है कि 2 नवंबर को सीमा क्षेत्र में गश्त के दौरान कथित तस्करी को रोकने पर विवाद हुआ था। इसके बाद भीड़ ने BSF के असिस्टेंट कमांडेंट और जवानों पर हमला कर दिया। घटना में दो कांस्टेबल और एक असिस्टेंट कमांडेंट गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
तस्करी रोकने पर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, घटना 2 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे बॉक्सानगर के आशाबाड़ी इलाके में हुई। BSF के जवान सीमा पर ड्यूटी के दौरान गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सीमा क्षेत्र में तस्करी की कोशिश देखी। जवानों ने जब इसमें शामिल लोगों को रोकने की कोशिश की तो उनके बीच झड़प हो गई। आरोप है कि इस दौरान तस्करों ने BSF जवानों पर पत्थर फेंके और हमला करने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, BSF जवानों ने कथित तौर पर तस्करी के लिए ले जाई जा रही गांजे की खेप जब्त कर ली। इसके बाद मौके पर मौजूद लोग वहां से भाग गए।
वापस लौटी भीड़ ने किया हमला
पुलिस के अनुसार, कुछ समय बाद आरोपी अन्य लोगों के साथ वापस लौटे और सड़क रोकने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान BSF के एक असिस्टेंट कमांडेंट अपने जवानों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि भीड़ ने असिस्टेंट कमांडेंट और उनके साथ मौजूद जवानों पर हमला कर दिया। इस दौरान उनके हथियार भी छीन लिए गए। हमले में BSF के दो कांस्टेबल और एक असिस्टेंट कमांडेंट गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और BSF की टीम मौके पर पहुंची। घायल जवानों को वहां से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने 9 लोगों को किया गिरफ्तार
सिपाहीजाला के पुलिस अधीक्षक बिजॉय देबबर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज किया है। घटना के बाद छापेमारी कर 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 6 पुरुष और 3 महिलाएं हैं। पुलिस अधीक्षक ने घटना को गंभीर और अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।




















