पुणे मेट्रो की पिंक लाइन का PM मोदी ने किया उद्घाटन, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कार्यक्रम में जुड़े; इन इलाकों को मिलेगा फायदा

पुणे के IT प्रोफेशनल्स और आम यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुणे मेट्रो की लाइन-3 यानी पिंक लाइन का उद्घाटन किया। करीब 23 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर हिंजवडी IT हब को शिवाजीनगर के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट मेट्रो स्टेशन से जोड़ेगा। इसके शुरू होने से शहर के प्रमुख रोजगार केंद्रों तक पहुंचना आसान होगा। इसके साथ ही PM मोदी ने पुणे मेट्रो के दूसरे चरण की भी आधारशिला रखी, जिस पर करीब 13,500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं सुनेत्रा अजित पवार भी शामिल हुए।
पुणे मेट्रो पिंक लाइन शुरू
पुणे में मेट्रो कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए लाइन-3 यानी पिंक लाइन का उद्घाटन किया गया है। इस परियोजना को 8,300 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से तैयार किया गया है। करीब 23 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर मान (Maan) को डिस्ट्रिक्ट कोर्ट मेट्रो स्टेशन से जोड़ेगा। इस रूट का सबसे बड़ा फायदा हिंजवडी IT हब में काम करने वाले कर्मचारियों को मिलने की उम्मीद है। रोजाना ऑफिस आने-जाने वाले हजारों लोगों के लिए यात्रा आसान और सुविधाजनक हो सकती है।
13,500 करोड़ रुपए होंगे खर्च
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुणे मेट्रो के दूसरे चरण यानी फेज-2 की आधारशिला भी रखी। इस परियोजना पर लगभग 13,500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके तहत लाइन 2A, 2B, 4 और 4A का विकास किया जाएगा। इन नई मेट्रो लाइनों से पुणे के आवासीय इलाकों, व्यावसायिक क्षेत्रों और IT हब के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
ISRO ने लॉन्च किया NVS-03 सैटेलाइट, मजबूत होगा भारत का NavIC सिस्टम, PM मोदी ने दी बधाई
पुणे मेट्रो फेज-2 की नई लाइनों का रूट
- लाइन 2A: वनाज से चांदनी चौक तक, लंबाई करीब 12.75 किलोमीटर की 2A और 2B लाइनों के संयुक्त कॉरिडोर का हिस्सा।
- लाइन 2B: रामवाड़ी से विट्ठलवाड़ी तक, लाइन 2A के साथ मिलकर पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी का विस्तार करेगी।
- लाइन 4: खराड़ी से खड़कवासला तक, करीब 25.52 किलोमीटर लंबी।
- लाइन 4A: नल स्टॉप से माणिक बाग तक, करीब 6.12 किलोमीटर लंबी।
PM मोदी बोले- 'IT हब को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि आज पुणे मेट्रो की एक और लाइन का उद्घाटन हो रहा है। 10 साल पहले उन्होंने ही पुणे मेट्रो के पहले चरण की आधारशिला रखी थी। अब हिंजवडी से शिवाजीनगर के बीच मेट्रो सेवा शुरू होने से पुणे के बड़े IT हब को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने कहा कि नई मेट्रो लाइन से शहर के पुराने और नए इलाकों के बीच आवागमन और आसान होगा। पीएम मोदी ने पुणे और महाराष्ट्र के लोगों को इस सौगात के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पुणे आज विकसित भारत की नई ऊर्जा को दिशा दे रहा है। IT, ऑटोमोबाइल, फार्मा, स्टार्टअप, इनोवेशन और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में पुणे देश के युवाओं के सपनों और उम्मीदों का केंद्र बन चुका है। मेट्रो कनेक्टिविटी मजबूत होने से शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
पुणे में ट्रैफिक की समस्या होगी कम?
पुणे जैसे तेजी से बढ़ते शहर में ट्रैफिक जाम एक बड़ी चुनौती है। मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से लोगों को निजी कार और बाइक के बजाय सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प मिलेगा। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव और प्रदूषण कम करने में मदद मिल सकती है। पिंक लाइन और फेज-2 की नई परियोजनाएं पुणे के शहरी परिवहन को नई दिशा दे सकती हैं। खासतौर पर IT कर्मचारियों, छात्रों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी का रास्ता खुलेगा।



















