Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर के मिडघाट हाईवे पर कंटेनर ने भेड़ों के झुंड को रौंदा, करीब 100 की मौत, कई घायल

सीहोर के बुधनी मिडघाट नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने भेड़ों के झुंड को रौंद दिया। हादसे में करीब 100 भेड़ों की मौत हो गई, चालक पुलिस हिरासत में है।
सीहोर के मिडघाट हाईवे पर कंटेनर ने भेड़ों के झुंड को रौंदा, करीब 100 की मौत, कई घायल
मिडघाट हाईवे पर मौत बनकर दौड़ा कंटेनर

सीहोर। जिले के बुधनी क्षेत्र में मिडघाट नेशनल हाईवे पर मंगलवार दोपहर रफ्तार का ऐसा कहर देखने को मिला, जिसने पशुपालकों की जिंदगी भर की कमाई को पलभर में मिट्टी में मिला दिया। ढाई से तीन बजे के बीच तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क पार कर रहे भेड़ों के बड़े झुंड को बेरहमी से रौंद दिया।

भीषण टक्कर में करीब 100 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों अन्य भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद हाईवे पर भेड़ों के शव बिखर गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और वाहन चालकों की लापरवाही से बेजुबान जानवरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

तेज रफ्तार कंटेनर ने झुंड को लिया चपेट में

प्राप्त जानकारी के अनुसार भेड़ पालक अपने झुंड को लेकर मिडघाट नेशनल हाईवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे कंटेनर के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सड़क पार कर रहे भेड़ों के झुंड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि भेड़ों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कंटेनर के पहियों के नीचे बड़ी संख्या में भेड़ें कुचलती चली गईं। कुछ ही पलों में सड़क का दृश्य दर्दनाक हादसे की तस्वीर में बदल गया।

सीहोर की लोहा फैक्ट्री में भीषण आग, गैस सिलेंडर और मशीनरी चपेट में आए; समय रहते पाया काबू

हाईवे पर बिखरे शव, कुछ समय प्रभावित रहा यातायात

हादसे के बाद हाईवे पर जगह-जगह मृत भेड़ों के शव बिखर गए। बड़ी संख्या में भेड़ों के मारे जाने से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही बुधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। पुलिस ने सड़क से मृत पशुओं को हटवाने तथा यातायात को सुचारू कराने की कार्रवाई की।

कंटेनर और चालक पुलिस की हिरासत में

घटना की गंभीरता को देखते हुए बुधनी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल कंटेनर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, कंटेनर की रफ्तार कितनी थी और चालक की लापरवाही किस स्तर पर रही, इन बिंदुओं पर जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। बुधनी के एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सीहोर में सीवेज निर्माण से पोस्ट ऑफिस रोड बंद ,40 फीट चौड़ी सड़क पर पैदल निकलने तक की जगह नहीं

100 भेड़ों की मौत से पशुपालकों पर टूटा आर्थिक संकट

इस हादसे ने भेड़ पालकों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पीड़ित भेड़ पालक रूपेश ने बताया कि दुर्घटना में उनके और उनके अन्य साथियों की करीब 100 भेड़ों की मौत हो गई है, जबकि कई भेड़ें घायल हुई हैं। भेड़ पालन ही उनके परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। ऐसे में एक ही हादसे में इतनी बड़ी संख्या में पशुओं की मौत ने उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा कर दिया है। वर्षों की मेहनत और पूंजी पलभर में खत्म हो गई।

मुआवजे की मांग, प्रशासन से राहत की उम्मीद

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पशुपालकों ने शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि पशुपालन से जीवनयापन करने वाले परिवारों के लिए इतनी बड़ी क्षति की भरपाई करना आसान नहीं है।

अब सवाल यह है कि जांच और कानूनी कार्रवाई के साथ प्रशासन इन प्रभावित पशुपालकों को आर्थिक राहत दिलाने के लिए कितनी तत्परता दिखाता है। फिलहाल करीब 100 बेजुबान जानों की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts