नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान, स्मृति ईरानी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, गजेंद्र पटेल की एंट्री

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में पार्टी ने नेताओं को अलग-अलग अहम जिम्मेदारियां दी हैं। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है, जबकि राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि वीडी शर्मा को राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संकुल संयोजक की जिम्मेदारी मिली है। वहीं बंशीलाल गुर्जर को राष्ट्रीय किसान मोर्चा अध्यक्ष और आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा कविता पाटीदार को BJP का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है।
युवा और महिला नेताओं पर फोकस
BJP की नई टीम में युवाओं और महिलाओं को खास जगह दी गई है। पार्टी ने उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव और प्रवक्ताओं की नियुक्ति करते समय सामाजिक और जातीय समीकरण का भी ध्यान रखा है। नई टीम में अलग-अलग वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश नजर आ रही है। माना जा रहा है कि इसके जरिए पार्टी संगठन को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

ये भी पढ़ें: बैंकिंग सुधारों के लिए जल्द बनेगी हाई-लेवल कमेटी, इसी महीने गठन की तैयारी; वित्त मंत्री बोलीं- NPA सबसे निचले स्तर पर
कौन-कौन बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष?
BJP की नई टीम में वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा दर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराज, प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
8 नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी
बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। वहीं शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है।

वीडी शर्मा, आशीष अग्रवाल
राष्ट्रीय मंत्री की लिस्ट में 16 नाम
BJP की नई टीम में कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, भोला सिंह, डॉ. प्रदीप वर्मा, जगदीश ईश्वरभाई पटेल, डॉ. संदीप पाठक, फांग्नोन कोन्यक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, डॉ. एम. वेंकटेशन, मनोज टिग्गा, सिद्धार्थ शंभु, डॉ. स्वदेश सिंह, मृगांका देव बर्मन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है।
पीयूष गोयल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी
पार्टी ने पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया है। वहीं राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
संगठन और नॉर्थ ईस्ट की भी जिम्मेदारी तय
तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और महेंद्र पांडेय को कार्यालय मंत्री बनाया गया है। वहीं संबित पात्रा को नॉर्थ ईस्ट संयोजक और राजीव बब्बर को नॉर्थ ईस्ट सह संयोजक की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा विष्णु दत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक बनाया गया है। रितुराज सिन्हा और विष्णु वर्धन रेड्डी को प्रकोष्ठ संकुल सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
युवा, महिला और OBC मोर्चे की कमान किसके हाथ?
BJP ने अलग-अलग मोर्चों के लिए भी नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है। हेमांग जोशी को युवा मोर्चा, रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा और अमरपाल मौर्य को OBC मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं बंसीलाल गुर्जर किसान मोर्चा, शिवेश कुमार राम SC मोर्चा, मन्नालाल रावत ST मोर्चा और कुवंर बासित अली अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष बनाए गए हैं।
मीडिया और सोशल मीडिया टीम में भी बदलाव
BJP ने मीडिया और सोशल मीडिया टीम में भी जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक बनाया गया है। उनके साथ उषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव मीडिया सह संयोजक की भूमिका निभाएंगे। वहीं दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है। प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सोशल मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
नई टीम में कई समीकरण साधने की कोशिश
BJP की नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ युवाओं को भी जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा महिला, OBC, SC, ST और अल्पसंख्यक मोर्चों के जरिए अलग-अलग सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश नजर आ रही है। पार्टी की नई टीम आने वाले संगठनात्मक और चुनावी अभियानों में अहम भूमिका निभाएगी।
उत्तर प्रदेश के नेताओं को भी मिली जगह
BJP की नई टीम में उत्तर प्रदेश के कई नेताओं को शामिल किया गया है। राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में यूपी के नेताओं को संगठन में अहम जिम्मेदारी देना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि चुनाव से पहले संगठन को मजबूत किया जाए और अलग-अलग सामाजिक वर्गों तक अपनी पहुंच बढ़ाई जाए।




ये भी पढ़ें: Raipur: भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ का दबदबा,रूप कुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के को बड़ी जिम्मेदारी

नई टीम से संगठन को मजबूत करने की तैयारी
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में अनुभव और युवा नेतृत्व के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। महिलाओं और युवाओं को जगह देने के साथ-साथ क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों को भी साधने पर जोर दिया गया है। नई नियुक्तियों के जरिए BJP आने वाले चुनावों और संगठन से जुड़े कामों को और मजबूती देने की तैयारी में है।












