मुंबई को मिलेंगी 238 एसी लोकल ट्रेन; सफर होगा आसान, 2027 से बढ़ जाएगी सुविधा

मुंबई। मुंबई की जीवनरेखा कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को जल्द ही आधुनिक और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलने वाली है। केंद्र सरकार ने मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क के लिए 238 नई वातानुकूलित (AC) लोकल ट्रेनें चलाने को मंजूरी दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रेनों का निर्माण तेजी से किया जाएगा और वर्ष 2027 तक यात्रियों को पहली नई AC लोकल ट्रेन मिल सकेगी।
2030 तक इंतजार नहीं, निर्माण प्रक्रिया में किया बदलाव
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मुंबई लोकल शहर की जीवनरेखा है और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 238 नई AC लोकल ट्रेनों को मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि पहले अपनाई जा रही प्रक्रिया में काफी दिक्कतें आ रही थीं और काम वर्ष 2030 तक पूरा होने की संभावना थी। सरकार ने इस देरी को दूर करने के लिए निर्माण प्रक्रिया में बदलाव किया है।
तीन कोच फैक्ट्रियां मिलकर बनाएंगी नई ट्रेनें
नई रणनीति के तहत इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF), रेल कोच फैक्ट्री (RCF) और मॉडर्न कोच फैक्ट्री (MCF) मिलकर 238 AC लोकल ट्रेनों का निर्माण करेंगी। रेलवे का मानना है कि तीनों फैक्ट्रियों के साथ मिलकर काम करने से निर्माण प्रक्रिया में तेजी आएगी। इसका सीधा लाभ मुंबई के लाखों दैनिक यात्रियों को मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ में हमला, CM फडणवीस ने दिए जांच के आदेश; आरोपी गिरफ्तार
भीड़ कम होगी, गर्मी में सफर होगा ज्यादा आरामदायक
रेलवे के मुताबिक 238 नई AC लोकल ट्रेनों के नेटवर्क में शामिल होने से मुंबई की लोकल ट्रेनों में भीड़ कम करने में मदद मिलेगी। यात्रियों को खासकर गर्मी के मौसम में अधिक आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। नई ट्रेनों के शामिल होने के बाद मुंबई के लोकल रेल नेटवर्क में AC ट्रेनों की संख्या करीब दोगुनी हो जाएगी। फिलहाल करीब 3 हजार गैर-AC ट्रेनें रोजाना यात्रियों को सेवा दे रही हैं।
150 से ज्यादा स्टेशनों को जोड़ता है मुंबई का रेल नेटवर्क
मुंबई का उपनगरीय रेल नेटवर्क शहर और आसपास के इलाकों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण परिवहन माध्यम है। इस नेटवर्क में 150 से अधिक स्टेशन हैं और इसे मुख्य रूप से पश्चिमी लाइन, मध्य लाइन और हार्बर लाइन में बांटा गया है। रोजाना बड़ी संख्या में यात्री इन लाइनों के जरिए मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन करते हैं।
ये भी पढ़ें: क्या UPI पेमेंट पर लगेगा चार्ज? सरकार के इस फॉर्मूले ने बढ़ाई लोगों की चिंता, जानें नए बदलाव
मुख्यमंत्री फडणवीस ने फैसले के लिए जताया आभार
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुंबई की लोकल ट्रेनों में मेट्रो की तरह आधुनिक, साफ-सुथरे और अच्छी तरह से रखरखाव वाले AC कोच उपलब्ध कराने की दिशा में पहले से प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने 238 नई AC लोकल ट्रेनों को मुंबईवासियों के लिए बड़ी खबर बताया।












