Mumbai Rains:मुंबई में मूसलाधार बारिश: सड़कें बनीं तालाब, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

मुंबई। वसई, नवी मुंबई, भांडुप, अंधेरी, मलाड, ठाणे और पालघर सहित कई इलाकों में बारिश का असर देखने को मिला। भांडुप में सड़क धंसने से वाहन गड्ढे में फंस गया, जबकि कई सड़कें जलमग्न हो गईं। लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित रहीं है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
वसई और नवी मुंबई में जलभराव से थमी रफ्तार
शनिवार को हुई लगातार बारिश के कारण वसई के कई इलाकों में भारी जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कें पानी में डूबने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लोगों को दैनिक कामकाज के लिए परेशानी झेलनी पड़ी। नवी मुंबई में भी कई प्रमुख मार्गों पर पानी भरने से ट्रैफिक की गति धीमी हो गई। गेटवे ऑफ इंडिया पर हाई टाइड के दौरान समुद्र की ऊंची लहरों का दृश्य भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
भांडुप में धंसी सड़क, वाहन गड्ढे में फंसा
भांडुप स्थित सोनापुर इलाके में लगातार बारिश के चलते सड़क का एक हिस्सा धंस गया। यह घटना निर्माणाधीन क्षेत्र के पास हुई, जहां सड़क कमजोर होने के कारण एक वाहन गड्ढे में फंस गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली।
सबवे बंद, लोकल ट्रेन सेवाएं भी हुईं प्रभावित
बारिश का असर मुंबई के यातायात नेटवर्क पर भी साफ दिखाई दिया। अंधेरी और मलाड सबवे में पानी भर जाने के कारण दोनों मार्गों को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। इससे पश्चिमी उपनगरों में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। वहीं, मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाओं की रफ्तार भी धीमी रही, जिससे हजारों यात्रियों को देरी और असुविधा का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें: PM Modi Australia Visit : ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले पीएम मोदी को जान से मारने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
ठाणे और पालघर में भी बढ़ीं लोगों की परेशानियां
लगातार बारिश का असर केवल मुंबई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ठाणे और पालघर जिलों में भी जलभराव और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी। प्रशासन की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी है।
ये भी पढ़ें: गुना पुलिस का बड़ा एक्शन : 15 लाख रुपए के 65 गुम मोबाइल बरामद, एसपी ने मालिकों को लौटाए
IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए 6 जुलाई तक भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। एहतियात के तौर पर मुंबई में स्कूल और कॉलेजों की दोपहर की कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई, पुणे और नासिक के लोगों से मौसम विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने और बिना जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।












