भारत के 7 राज्यों में 10 हजार वन रक्षकों को मिलेगा बीमा कवर, प्रिंस विलियम ने किया 5 साल की योजना का ऐलान

भारत में जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा करने वाले 10 हजार अस्थायी वन रक्षकों को अब दुर्घटना बीमा का लाभ मिलेगा। ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ने इसके लिए पांच साल के बीमा कार्यक्रम की घोषणा की है। यह योजना भारत के सात राज्यों में लागू होगी। इसके तहत वन रक्षकों के साथ उनके परिवारों को भी सुरक्षा मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य जंगलों और वन्यजीवों की रक्षा के दौरान जोखिम उठाने वाले कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा देना है।
7 राज्यों के 10 हजार वन रक्षकों को मिलेगा बीमा कवर
ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ने 20 नवंबर को भारत के 10 हजार अस्थायी वन रक्षकों के लिए पांच साल के व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कार्यक्रम की घोषणा की। यह योजना उनके संरक्षण अभियान 'यूनाइटेड फॉर वाइल्डलाइफ' के तहत शुरू की गई है। इस कार्यक्रम को वैल्यूअर्थ कंजर्वेशन, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया, वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूटीआई) और इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस (आईबीसीए) के साथ मिलकर संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य उन वन रक्षकों और उनके परिवारों को सुरक्षा देना है, जो जंगलों में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए दिन-रात काम करते हैं। खास बात यह है कि अस्थायी अनुबंध पर काम करने वाले इन कर्मचारियों को पहले दुर्घटना बीमा की गारंटी नहीं मिलती थी।
प्रिंस विलियम बोले- वन रक्षक जोखिम उठाकर बचा रहे वन्यजीव
योजना की शुरुआत के मौके पर प्रिंस विलियम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश जारी किया। इसमें उन्होंने भारत के वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत में दुनिया के अधिकांश जंगली बाघ, आधे से ज्यादा एशियाई हाथी और एक सींग वाले गैंडों की बड़ी आबादी मौजूद है। इन वन्यजीवों की सुरक्षा में भारतीय वन रक्षकों की अहम भूमिका है। प्रिंस विलियम ने कहा कि दिन-रात भारत के वन रक्षक इन अनमोल वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए सबसे आगे खड़े रहते हैं। वे दूरदराज के जंगलों में गश्त करते हैं, कठिन परिस्थितियों का सामना करते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति को सुरक्षित रखने के लिए बड़े खतरे उठाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इन कर्मचारियों के प्रयासों से एक दशक से कुछ ज्यादा समय में जंगली बाघों की संख्या लगभग दोगुनी करने और दुनिया में एक सींग वाले गैंडों की आबादी 4 हजार से अधिक पहुंचाने में मदद मिली है।
नेपाल के PM बालेन शाह 22 नवंबर को आएंगे भारत, PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू से करेंगे मुलाकात
अस्थायी कर्मचारियों को अब तक नहीं मिलता था गारंटीड बीमा
प्रिंस विलियम ने वन रक्षकों की सुरक्षा से जुड़ी समस्या पर भी बात की। उन्होंने कहा कि भारत में हजारों वन रक्षक अस्थायी अनुबंध पर काम करते हैं और उनके पास दुर्घटना बीमा की कोई गारंटीड सुविधा नहीं है। उन्होंने कहा कि इन वन रक्षकों के बिना यह सब संभव नहीं होता, लेकिन उनका काम खतरनाक है और इसमें उनकी निजी सुरक्षा को बड़ा जोखिम रहता है। आज मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि पहली बार भारत के सात राज्यों में 10 हजार वन रक्षक सुरक्षा कवच के साथ काम पर जाएंगे। उन्होंने बताया कि अफ्रीका में भी वन रक्षकों के कल्याण के लिए इसी तरह के कार्यक्रम चलाए गए हैं। वहां के अनुभव से पता चला है कि ऐसे प्रयासों से न सिर्फ वन रक्षकों, बल्कि उनके परिवारों और समुदायों को भी फायदा मिलता है। प्रिंस विलियम ने कहा कि प्रकृति की रक्षा करने वाले लोगों की सुरक्षा उनके लिए बेहद मायने रखती है। उन्होंने भारतीय वन रक्षकों का देश की प्राकृतिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने के लिए आभार भी जताया।
भारत दौरे पर पीएम मोदी से भी मिले थे प्रिंस विलियम और केट मिडलटन
इससे पहले प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलटन भारत दौरे पर आए थे। दोनों छठे वार्षिक अर्थशॉट प्राइज 2026 में शामिल हुए थे। पहली बार इस कार्यक्रम की मेजबानी भारत ने की थी। इस दौरान बुधवार को नई दिल्ली में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। पीएम मोदी ने अर्थशॉट प्राइज की सराहना करते हुए कहा था कि यह पहल दुनियाभर में जलवायु से जुड़ी नई तकनीकों और समाधानों को बढ़ावा दे रही है। साथ ही वैश्विक पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने में भारत की प्रतिभा को भी सामने ला रही है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में दोनों से मुलाकात को सुखद बताया था। उन्होंने भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की उम्मीद भी जताई थी। इसके साथ ही व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) के लागू होने के बाद दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने की बात कही थी।




















