योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर मप्र के सीएम डॉ. मोहन यादव ने जताया दुख, बोले- मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता

भोपाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मां का जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता। योगी आदित्यनाथ की मां का 89 वर्ष की उम्र में निधन हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश जारी कर दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
शोक संदेश में लिखा-यह दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संदेश में लिखा- 'उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का जाना वह दुःख है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री जी एवं उनके समस्त परिवारजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम जी दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'
कई बार बिगड़ा था सावित्री देवी का स्वास्थ्य
सावित्री देवी को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते 14 मई 2024 को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था। बीते महीनों में भी उनका स्वास्थ्य कई बार बिगड़ने की जानकारी सामने आई थी। योगी आदित्यनाथ मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव के निवासी हैं। उनका परिवार इसी गांव में रहता है। उनके पिता आनंद बिष्ट का वर्ष 2020 में 89 वर्ष की उम्र में निधन हुआ था।
ये भी पढ़ें: CM योगी की मां सावित्री देवी का निधन, 91 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
पीएम मोदी ने फोन पर की योगी आदित्यनाथ से बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात कर उनकी मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। गृह मंत्री अमित शाह ने भी सोशल मीडिया पर संवेदना जताते हुए लिखा, 'उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी का निधन अत्यंत दुःखद है। मां का जाना जीवन की वह क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होती। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और समस्त शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति शांति शांति'
राजनाथ सिंह, धामी और विपक्षी नेताओं ने भी दुख व्यक्त किया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी शोक व्यक्त किया। विपक्षी नेताओं में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती और भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने भी संवेदनाएं व्यक्त कीं। अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, 'उप्र के मुख्यमंत्री की पूज्य माता जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। विनम्र श्रद्धांजलि के साथ उनकी आत्मा की शांति के लिए हम प्रार्थना करते हैं।'




















