MPPSC ने जारी किया 2027 का परीक्षा कैलेंडर, साल में दो बार होगी राज्य सेवा परीक्षा; 25 परीक्षाओं की तारीखें घोषित

भोपाल। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने वर्ष 2027 का प्रस्तावित परीक्षा कैलेंडर शुक्रवार को जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साल में दो बार राज्य सेवा परीक्षा आयोजित कराने के फैसले के बाद आयोग ने पहली बार इस व्यवस्था के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया है। कैलेंडर में राज्य सेवा परीक्षा दो बार आयोजित करने सहित कुल 25 प्रतियोगी परीक्षाओं की संभावित तारीखें घोषित की गई हैं। ये परीक्षाएं जनवरी से अक्टूबर 2027 के बीच आयोजित की जाएंगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की तारीखों में जरूरत के अनुसार बदलाव किया जा सकता है।
24 जनवरी को पहली और 2 मई को दूसरी प्रारंभिक परीक्षा
आयोग के कार्यक्रम के अनुसार राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। इसके बाद राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा (विशेष) 2 मई को प्रस्तावित है। वहीं राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 10 से 15 मई 2027 तक आयोजित होगी। राज्य सेवा मुख्य परीक्षा (विशेष) के लिए 9 से 14 अगस्त की तारीख तय की गई है। इस तरह राज्य सेवा परीक्षा के दोनों चरणों के लिए अलग-अलग कार्यक्रम जारी किया गया है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अपनी पढ़ाई और तैयारी की योजना बनाने में मदद मिलेगी।
फरवरी में इंजीनियरिंग और मार्च में पात्रता परीक्षा
राज्य इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 14 फरवरी 2027 को प्रस्तावित है। इसके बाद राज्य पात्रता परीक्षा (SET) 7 मार्च को आयोजित की जाएगी। अप्रैल में कई विभागों की भर्ती परीक्षाएं आयोजित होंगी। पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी तथा उप संचालक एवं सहायक संचालक (तकनीकी) की परीक्षाएं 18 अप्रैल को प्रस्तावित हैं। राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा 25 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। इसके बाद मई में राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा (विशेष), राज्य सेवा मुख्य परीक्षा और सहायक कुलसचिव परीक्षा आयोजित होगी। सहायक कुलसचिव परीक्षा के लिए 30 मई की तारीख प्रस्तावित की गई है।
जून में चिकित्सा अधिकारी और जुलाई में सहायक प्राध्यापक की परीक्षा
आयोग के कैलेंडर के अनुसार, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, यूनानी चिकित्सा अधिकारी और होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी की परीक्षाएं 27 जून 2027 को आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 4 जुलाई को सहायक प्राध्यापक, क्रीड़ा अधिकारी और ग्रंथपाल पदों के लिए परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। सहायक प्रबंधक परीक्षा 25 जुलाई को आयोजित की जाएगी। अगस्त में खनिज निरीक्षक और खाद्य सुरक्षा अधिकारी की परीक्षाएं आयोजित होंगी। दोनों परीक्षाओं के लिए 1 अगस्त की तारीख प्रस्तावित की गई है।
सितंबर में वैज्ञानिक अधिकारी और अक्टूबर में कराधान सहायक की परीक्षा
सितंबर में वैज्ञानिक अधिकारी के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें भौतिकी, रसायन और जीव विज्ञान विषयों के वैज्ञानिक अधिकारी शामिल हैं। इन परीक्षाओं के लिए 26 सितंबर 2027 की तारीख प्रस्तावित है। इसके बाद 17 अक्टूबर को कराधान सहायक और पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में व्याख्याता पदों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
विभागों से मांगपत्र मिलने के बाद जारी होंगे विज्ञापन
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने स्पष्ट किया है कि जारी किया गया परीक्षा कैलेंडर संभावित है। संबंधित विभागों से रिक्त पदों के लिए मांगपत्र प्राप्त होने के बाद भर्ती विज्ञापन जारी किए जाएंगे और चयन प्रक्रिया शुरू होगी। आयोग के अनुसार विभागों से प्राप्त मांगपत्रों और प्रशासनिक जरूरतों के आधार पर परीक्षा की तारीखों में संशोधन किया जा सकता है। इसके अलावा जिन भर्ती प्रक्रियाओं से संबंधित मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं, उनमें न्यायालय के आदेशों के अनुसार भी कार्यक्रम में बदलाव संभव है।
साक्षात्कार की तारीखें अलग से होंगी घोषित
आयोग ने बताया कि लिखित परीक्षाएं पूरी होने के बाद संबंधित भर्ती प्रक्रियाओं के लिए साक्षात्कार की तारीखें अलग से जारी की जाएंगी।




















