छत्तीसगढ़ में चक्रवात अकवान से फसल बर्बादी का खतरा, CM साय का बड़ा ऐलान, नुकसान हुआ तो मिलेगा मुआवजा

रायपुर: चक्रवात अकवान के असर से छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में सुबह से बारिश का दौर जारी है। बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए भरोसा दिलाया है कि फसल खराब होने पर राज्य सरकार प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाएगी।
किसानों को घबराने की जरूरत नहीं, CM साय ने दिया भरोसा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार किसानों के हितों को लेकर गंभीर है। प्राकृतिक आपदा के कारण यदि फसलों को नुकसान पहुंचता है तो प्रभावित किसानों को राहत उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
संबंधित खबर: छत्तीसगढ़ में अकवान का असर,रायपुर में बारिश, अंबिकापुर में 7.6°C पहुंचा पारा
सभी जिलों के कलेक्टरों को अलर्ट रहने के निर्देश
चक्रवात से फसलों को होने वाले संभावित नुकसान पर नजर रखने के लिए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का आकलन करने और स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। नुकसान सामने आने पर संबंधित क्षेत्रों में सर्वे कराया जाएगा।
सर्वे के बाद मिलेगा मुआवजा और फसल बीमा का लाभ
सरकार के मुताबिक, फसल नुकसान का सर्वे पूरा होने के बाद प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत दी जाएगी। इसके लिए फसल बीमा और मुआवजा संबंधी प्रावधानों के तहत पात्रता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इससे बारिश और चक्रवात के कारण फसल खराब होने की आशंका से परेशान किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पहले भी नुकसान पर किसानों को मिली थी सहायता
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इससे पहले भी चक्रवात के कारण प्रदेश में फसलों को नुकसान पहुंचा था। उस समय भी सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कर किसानों को सहायता उपलब्ध कराई थी। इस बार भी नुकसान का सर्वे कराया जाएगा और नियमानुसार प्रभावित किसानों को राहत दी जाएगी।
संबंधित खबर: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर, 11 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट
किसानों की नजर अब प्रशासनिक सर्वे पर
चक्रवात अकवान के कारण प्रदेश में बदले मौसम के बीच अब किसानों की नजर प्रशासनिक सर्वे और फसल नुकसान के आकलन पर टिकी है। सरकार के आश्वासन के बाद प्रभावित किसानों को उम्मीद है कि नुकसान की स्थिति में उन्हें जल्द राहत मिल सकेगी।




















