सीहोर: देवउठनी ग्यारस पर सीहोर में बाबा श्याम के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, 50 हजार भक्तों ने नम आंखों से किए दर्शन

सीहोर। देवउठनी ग्यारस के पावन अवसर पर सैकड़ाखेड़ी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में शुक्रवार को आस्था, विश्वास और भक्ति का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बाबा श्याम के दर्शन की अभिलाषा लेकर हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। किसी के हाथों में पूजा की थाली थी तो कोई बाबा के लिए फूल और प्रसाद लेकर पहुंचा। हर चेहरे पर दर्शन की उत्सुकता और मन में अपनी मनोकामना पूरी होने का विश्वास नजर आया। सुबह से देर रात तक मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों से गूंजता रहा। मंदिर परिवार के अनुसार, एक ही दिन में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में शीश नवाया।
दिव्य श्रृंगार के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
देवउठनी ग्यारस के अवसर पर बाबा खाटू श्याम का विशेष दिव्य एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया। रंग-बिरंगे पुष्पों, सुंदर सजावट और मनमोहक स्वरूप में सजे बाबा के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर पहुंचने वाले भक्त कुछ पल बाबा के सामने खड़े होकर निहारते रहे तो कई ने हाथ जोड़कर परिवार की खुशहाली और जीवन में सुख-शांति की प्रार्थना की। बाबा के मनमोहक स्वरूप के दर्शन करने के लिए शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

सुबह सात बजे से शुरू हुआ दर्शन का सिलसिला
मंदिर परिवार के सदस्य ऋषि सोलंकी ने बताया कि शुक्रवार सुबह सात बजे से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। समय बीतने के साथ भक्तों की संख्या लगातार बढ़ती गई। सुबह से लेकर देर रात तक बाबा के दर्शन के लिए आने वालों का सिलसिला थमा नहीं। मंदिर परिवार के अनुमान के मुताबिक, दिनभर में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में पहुंचकर माथा टेका। श्रद्धालुओं की भारी संख्या के बीच पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया।
ये भी पढ़ें: सीहोर: मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर किया हंगामा, इलाज में लापरवाही के आरोप
हर चेहरे पर श्रद्धा, हर जुबां पर बाबा का नाम
मंदिर परिसर में दिनभर बाबा श्याम के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, अच्छे स्वास्थ्य और मंगलमय भविष्य की कामना की। कई श्रद्धालु परिवार सहित दर्शन करने पहुंचे। देवउठनी ग्यारस के धार्मिक महत्व के बीच बाबा के दरबार में उमड़ी भीड़ ने माहौल को और भी खास बना दिया। श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और उत्साह से ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो पूरा क्षेत्र बाबा श्याम की भक्ति में रंग गया हो।
मंदिर परिवार ने किया श्रद्धालुओं का स्वागत
इस अवसर पर मंदिर परिवार की ओर से संस्कार मंच के प्रभारी मनोज दीक्षित मामा और महेश कुमार का स्वागत एवं सम्मान किया गया। मंदिर के संरक्षक मांगीलाल सोलंकी, जगदीश सोलंकी, संदीप सोलंकी एवं दिनेश सोलंकी ने मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत और अभिनंदन किया। मंदिर परिवार के सदस्यों ने दर्शनार्थियों की सेवा और धार्मिक व्यवस्थाओं में सहभागिता निभाई।
ये भी पढ़ें: सीहोर में कवियों ने जमाया रंग, सलमान खान से लेकर मायावती तक पर चुटीले कटाक्ष; ठहाकों से गूंजा मैदान




















