Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कटनी जंक्शन का फूड प्लाजा तत्काल बंद, औचक निरीक्षण में मिलीं सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां

कटनी जंक्शन के फूड प्लाजा में रेलवे की जांच के दौरान सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां मिलीं। जबलपुर में आग की घटना के बाद रेलवे ने फूड प्लाजा का संचालन बंद कराया।
कटनी जंक्शन का फूड प्लाजा तत्काल बंद, औचक निरीक्षण में मिलीं सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां
कटनी जंक्शन का फूड प्लाजा तत्काल बंद

कटनी। जबलपुर रेलवे स्टेशन पर हाल ही में हुई आग की घटना के बाद रेल प्रशासन ने स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में कटनी जंक्शन स्थित फूड प्लाजा का रेल अधिकारियों की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान रसोईघर से लेकर परिसर तक सुरक्षा मानकों में कई गंभीर खामियां सामने आईं। अग्निशमन उपकरणों, विद्युत व्यवस्था और अन्य सुरक्षा इंतजामों में अनियमितताएं मिलने पर अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से फूड प्लाजा का संचालन बंद करा दिया। संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी कमियां दूर करने और वरिष्ठ अधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद ही फूड प्लाजा दोबारा खोला जा सकेगा।

जबलपुर में आग की घटना के बाद रेलवे ने बढ़ाई सख्ती

जबलपुर रेलवे स्टेशन पर हाल ही में आग लगने की घटना सामने आने के बाद रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। जबलपुर रेल मंडल के सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर (सीनियर डीसीएम) ने मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर संचालित खान-पान स्टालों, रिफ्रेशमेंट रूम और फूड प्लाजा की सुरक्षा व्यवस्था की सघन जांच करने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के तहत रेलवे अधिकारियों को अग्निशमन उपकरणों, बिजली व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच करने को कहा गया है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।

कटनी जंक्शन के फूड प्लाजा में मिलीं कई अनियमितताएं

सीनियर डीसीएम के निर्देश पर रेल अधिकारियों की संयुक्त टीम ने कटनी जंक्शन स्थित फूड प्लाजा का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने रसोईघर, बिजली व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों और परिसर में उपलब्ध अन्य सुरक्षा सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण में सुरक्षा मानकों का पर्याप्त पालन नहीं होने और कई आवश्यक व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां सामने आईं। अधिकारियों ने इन अनियमितताओं को यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फूड प्लाजा का संचालन बंद करा दिया।

सुरक्षा मानक पूरे होने तक बंद रहेगा फूड प्लाजा

रेलवे अधिकारियों ने फूड प्लाजा संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा संबंधी सभी कमियों को दूर किए बिना संचालन शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। संचालक को अग्निशमन उपकरणों, विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजामों को निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त करने के लिए कहा गया है। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना फूड प्लाजा संचालक की जिम्मेदारी होगी।

सीनियर डीसीएम की अनुमति के बाद ही दोबारा खुलेगा

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, फूड प्लाजा संचालक को पहले निरीक्षण में सामने आई सभी कमियां दूर करनी होंगी। इसके बाद सुरक्षा मानकों के अनुपालन से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सीनियर डीसीएम जबलपुर कार्यालय को भेजनी होगी। वरिष्ठ अधिकारी इस रिपोर्ट का परीक्षण करेंगे और सुरक्षा इंतजामों से संतुष्ट होने के बाद ही फूड प्लाजा को दोबारा संचालित करने की अनुमति दी जाएगी। इस प्रक्रिया के पूरा होने तक फूड प्लाजा बंद रहेगा।

रेलवे की कार्रवाई से अन्य स्टाल संचालकों में हलचल

कटनी जंक्शन के फूड प्लाजा पर हुई कार्रवाई के बाद स्टेशन परिसर में संचालित अन्य खान-पान स्टालों के संचालकों में भी हलचल है। रेलवे ने मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर खान-पान से जुड़ी इकाइयों की सुरक्षा जांच के निर्देश दिए हैं। ऐसे में अन्य स्टालों, रिफ्रेशमेंट रूम और फूड प्लाजा में भी निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की जाएगी। रेल प्रशासन का जोर आग लगने जैसी घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर है।

कटनी में दुकान की दीवार तोड़कर चोरी, 3 लाख की नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान ले उड़े चोर

संयुक्त टीम में शामिल रहे ये अधिकारी

कटनी जंक्शन पर फूड प्लाजा के औचक निरीक्षण और कार्रवाई में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (CCI) नावेद सिद्दीकी, स्टेशन प्रबंधक वाणिज्य (SMC) एच.के. शुक्ला, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक (CHI) बलवेंद्र प्रताप सिंह और कैटरिंग इंस्पेक्टर ऋषिकांत प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts