Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीएम योगी ने 50 हजार छात्रों को बांटे टैबलेट, देवरिया सहित 4 जिलों के छात्रों को सौगात

सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर मंडल के 50 हजार छात्रों को टैबलेट वितरित किए। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के विद्यार्थियों को यह सौगात दी गई। कार्यक्रम में योगी ने यूपी की बदली तस्वीर का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों पर निशाना साधा और युवाओं की नौकरी, सुरक्षा, भविष्य को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
सीएम योगी ने 50 हजार छात्रों को बांटे टैबलेट, देवरिया सहित 4 जिलों के छात्रों को सौगात
सीएम योगी ने 50 हजार छात्रों को बांटे टैबलेट

गोरखपुर। सीएम योगी ने कहा कि पहले यूपी के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। नौकरी मिलने के बाद भी उन्हें किराए पर मकान और होटल में कमरा तक नहीं मिलता था। उन्होंने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में परीक्षाओं में गड़बड़ी और अराजकता का माहौल था, जबकि अब प्रदेश में सुरक्षा और निष्पक्ष चयन की व्यवस्था बनी है। योगी ने युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि साढ़े 9 साल में करीब पौने 10 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।

गोरखपुर मंडल के 50 हजार छात्रों को मिले टैबलेट

सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत गोरखपुर मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। इनमें सबसे ज्यादा 35 हजार टैबलेट गोरखपुर जिले के छात्रों को दिए गए। वहीं, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 5-5 हजार विद्यार्थियों को भी टैबलेट की सौगात मिली। इस दौरान सीएम योगी ने छात्रों को संबोधित किया और प्रदेश में पिछले कुछ सालों में आए बदलावों का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा।

ये भी पढ़ें: मासूम बच्चे की गलती क्या थी? सपा के रोड शो में 14 साल के नाबालिग की मौत पर भड़के सीएम योगी

बोले- पहले यूपी के युवाओं के सामने था पहचान का संकट

सीएम योगी ने कहा कि आज के युवाओं को अपने माता-पिता, दादा-दादी और नाना-नानी से पूछना चाहिए कि जब वे युवा थे, तब उत्तर प्रदेश की तस्वीर कैसी थी। उस समय प्रदेश के नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। यूपी में नौकरी नहीं थी और देश के दूसरे हिस्सों में भी प्रदेश के नाम पर लोगों को सम्मान नहीं मिलता था। अगर किसी युवक की नौकरी लग भी जाती थी, तो उसे किराए पर मकान नहीं मिलता था। होटल में कमरा और धर्मशाला में रहने की जगह तक मिलना मुश्किल था।

पिछली सरकारों में पैदा किए गए मुन्ना भाई

योगी ने कहा कि पहले यूपी में परीक्षा होने पर युवाओं के सामने सबसे बड़ा सवाल यही रहता था कि आखिर नतीजा क्या होगा। पिछली सरकारों में मुन्ना भाई पैदा किए गए थे और प्रदेश में अराजकता का माहौल था। उन्होंने कहा कि उस समय दंगे, अपराध और गुंडागर्दी आम बात थी। बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ होता था और नौजवानों की नौकरियों पर डकैती डाली जाती थी। बाद में कोर्ट से स्टे लग जाता था और नौकरी निरस्त हो जाती थी, जबकि युवा सिर्फ इंतजार करता रह जाता था।

Breaking News

'पहले न सड़क थी, न बिजली और न रोजगार'

सीएम योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में न सड़क थी, न बिजली और न पानी की पर्याप्त व्यवस्था थी। युवाओं के लिए नौकरी और रोजगार के अवसर नहीं थे। उद्योग, यूनिवर्सिटी और अच्छे कॉलेज भी नहीं थे। खेलों के लिए सुविधाएं नहीं थीं और न ही युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रतिस्पर्धा का माहौल मिलता था। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बना है और सरकारी भर्तियों में निष्पक्ष चयन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

रवि किशन को फिल्म के लिए दो मंत्री सुझाए

सीएम योगी ने गोरखपुर में फिल्म निर्माण को लेकर सांसद रवि किशन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले रवि किशन मुंबई में फिल्मों की शूटिंग और साइनिंग करते थे, लेकिन अब गोरखपुर में भी फिल्में साइन कर रहे हैं। योगी ने बताया कि इस बार उन्होंने रवि किशन से कहा कि फिल्म के लिए दो पात्र वह खुद सुझा रहे हैं। उन्होंने मंत्री सूर्य प्रताप शाही और संजय निषाद का नाम लेते हुए कहा कि दोनों फिल्मों में काम करने के इच्छुक हैं। इस पर रवि किशन ने शाही जी को नायक का रोल देने से इनकार किया, तो योगी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें दूसरा रोल दे दीजिए और संजय निषाद को नायक बना दीजिए।

ये भी पढ़ें: 'पहले नौकरी के नाम पर होती थी वसूली', सीएम योगी ने अखिलेश और शिवपाल को घेरा

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को दी चेतावनी

सीएम योगी ने कहा कि अगर किसी माफिया ने छात्रों के जीवन और करियर के साथ खिलवाड़ किया, तो ऐसा करने वालों का अपना करियर बर्बाद कर दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे लोगों को आबाद नहीं रहने दिया जाएगा और उनकी बाप-दादाओं की कमाई तक जब्त कर गरीबों में बांटने का काम किया जाएगा। योगी ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों से साफ कहा है कि भर्तियों में निष्पक्ष चयन होना चाहिए और कोई भी इसमें दखल नहीं देगा। उन्होंने बताया कि इसी व्यवस्था का नतीजा है कि साढ़े 9 साल में प्रदेश के करीब पौने 10 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। 

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts