जबलपुर में शुरू हुआ मिल्क बैंक अमृत कलश, जरूरतमंद नवजातों को मिलेगा मां का दूध

जबलपुर। करीब 70 लाख रुपए की लागत से तैयार इस सेंटर का मंगलवार को लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने शुभारंभ किया। मिल्क बैंक में माताओं से स्वेच्छा से दूध लेकर उसकी जांच, पाश्चुरीकरण और सुरक्षित भंडारण किया जाएगा। इसके बाद यह दूध जरूरतमंद नवजातों को उपलब्ध कराया जाएगा, खासकर समय से पहले जन्मे और कम वजन वाले बच्चों को इससे लाभ मिलेगा।
70 लाख की लागत से तैयार सेंटर का शुभारंभ
मंगलवार को लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने दीप प्रज्वलित और फीता खोलकर अमृत कलश मिल्क बैंक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी, अस्पताल अधीक्षक डॉ. नीता पाराशर, डॉ. धीरज दंबडे और जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: सीहोर में सीवन नदी को स्वच्छ रखने की पहल, सैकड़ों महिलाओं ने ली कचरा और पूजन सामग्री नहीं डालने की शपथ
मां का दूध शिशु के लिए अमृत के समान-मंत्री
शुभारंभ के बाद मंत्री राकेश सिंह ने सेंटर की कार्यप्रणाली समझी और दूध संग्रहण, सुरक्षित भंडारण और जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाने की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मां के दूध से बढ़कर पवित्र और पौष्टिक कुछ नहीं है। जन्म के बाद शिशु के लिए मां का दूध अमृत के समान है, जो उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पहले दिन तीन माताओं ने किया दुग्धदान
अस्पताल अधीक्षक डॉ. नीता पाराशर के मुताबिक, पहले दिन तीन माताओं ने स्वेच्छा से दुग्धदान किया। अब तक करीब 10 माताएं दूधदान कर चुकी हैं और मिल्क बैंक में लगभग एक लीटर यानी 1000 एमएल दूध संग्रहित हो चुका है। अब इस दूध के पाश्चुरीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद इसे जरूरतमंद नवजातों को उपलब्ध कराया जाएगा।
फॉर्मूला मिल्क की मजबूरी होगी कम
एल्गिन अस्पताल की वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. पल्लवी लोंदे के मुताबिक, कॉम्प्रिहेंसिव लैक्टेशन मैनेजमेंट सेंटर में माताओं से स्वैच्छिक रूप से दूध लेकर उसकी जांच, पाश्चुरीकरण और सुरक्षित भंडारण किया जाता है। इसके बाद जरूरतमंद नवजातों तक दूध पहुंचाया जाता है। मां का दूध समय से पहले जन्मे और कम वजन वाले बच्चों के लिए सबसे महत्वपूर्ण पोषण स्रोत है।
डोनर ह्यूमन मिल्क बनेगा जरूरतमंद बच्चों का सहारा
कई बार परिस्थितियों के कारण नवजात को अपनी मां का दूध नहीं मिल पाता। ऐसी स्थिति में सुरक्षित डोनर ह्यूमन मिल्क महत्वपूर्ण विकल्प बनता है। मंत्री राकेश सिंह ने मिल्क बैंक की शुरुआत को मानवता से जुड़ा पवित्र कार्य बताते हुए चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीम को बधाई दी। साथ ही दूधदान करने वाली माताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।




















