कटनी में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे में गूंजे गुरबाणी के स्वर, श्रद्धा से मनाई जयंती
कटनी।समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश देने वाले सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देवजी का प्रकाश पर्व कटनी में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सिख समाज ने विभिन्न धार्मिक आयोजनों के माध्यम से प्रथम गुरु के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। बरही रोड स्थित श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारे में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दिनभर गुरबाणी, शब्द कीर्तन और अरदास के बीच गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय बना रहा।
गुरुद्वारे में सजा भव्य दीवान, गूंजे गुरबाणी के स्वर
प्रकाश पर्व के अवसर पर श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारे को आकर्षक ढंग से सजाया गया। यहां भव्य दीवान सजाया गया, जहां दिनभर शब्द कीर्तन और गुरबाणी के मधुर स्वर गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान अरदास, हुकुमनामा और प्रसाद वितरण सहित सिख धर्म की परंपराओं का विधिवत पालन किया गया। सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
गुरु के लंगर में सैकड़ों लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद
प्रकाशोत्सव के दौरान दोपहर में गुरु का लंगर आयोजित किया गया। इसमें सिख समाज के लोगों के साथ अन्य समुदायों के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के माध्यम से सेवा, समानता और भाईचारे की परंपरा को आगे बढ़ाया गया। शहर में भी लोगों ने एक-दूसरे को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। इससे पहले शहर में नगर कीर्तन निकाला गया था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
ये भी पढ़ें: कटनी में बांस-बल्लियों के अस्थायी पुल से नदी पार कर रहे ग्रामीण, बच्चों और बुजुर्गों की जान पर खतरा
समानता, प्रेम और मानवता का दिया संदेश
गुरु नानक देवजी का जन्म वर्ष 1469 में राय भोई की तलवंडी में हुआ था, जिसे वर्तमान में पाकिस्तान के ननकाना साहिब के नाम से जाना जाता है। उन्होंने समाज को जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर समानता, प्रेम, भाईचारे और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनका जीवन दर्शन तीन प्रमुख सिद्धांतों पर आधारित है-नाम जपो, किरत करो और वंड छको। अर्थात ईश्वर का स्मरण करना, ईमानदारी से मेहनत करना और अपनी कमाई को दूसरों के साथ बांटकर खाना।
सेवा और समर्पण की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प
गुरु नानक देवजी ने मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म बताते हुए समाज को परस्पर प्रेम और सद्भाव से रहने की सीख दी। सिख समाज की सेवा भावना का उदाहरण कोरोना काल में भी देखने को मिला, जब जरूरतमंदों तक भोजन और अन्य आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर सेवाकार्य किए गए। प्रकाश पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने तथा सेवा, समर्पण और मानवता के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
ये भी पढ़ें: चार करोड़ का फोर्टिफाइड चावल परिवहन गबन केस: एक ही नंबर के वाहन से बार-बार भेजी गई खेप, न इंदौर पहुंची न हरदा-नीमच






















