PlayBreaking News

MP Weather Update :40 जिलों में गर्म हवा... 5 में लू का ऑरेंज अलर्ट, 46°C तक पहुंचेगा पारा

मध्य प्रदेश में हीट वेव का असर तेज हो गया है। 40 से ज्यादा जिलों में लू का अलर्ट है और तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। जानिए अगले 4 दिन का मौसम, किन जिलों में ज्यादा असर और गर्मी से बचाव के जरूरी उपाय इस विस्तृत रिपोर्ट में।
Follow on Google News
40 जिलों में गर्म हवा... 5 में लू का ऑरेंज अलर्ट, 46°C तक पहुंचेगा पारा

भोपाल। मध्य प्रदेश इन दिनों आग की तरह तप रहा है। मौसम ने अचानक ऐसा करवट ली है कि बारिश और आंधी के बाद अब प्रदेश भीषण हीट वेव की चपेट में आ गया है। दिन ही नहीं, रातें भी गर्म हो रही हैं और लोगों के लिए राहत के रास्ते कम होते जा रहे हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि, अगले 4 दिन बेहद भारी पड़ सकते हैं।

प्रदेश में लू का असर

भारतीय मौसम विभाग भोपाल के अनुसार, पूर्वी हिस्से के कुछ जिलों को छोड़ दिया जाए तो लगभग पूरा मध्य प्रदेश इस समय हीट वेव यानी लू की चपेट में है। शुक्रवार को करीब 40 जिलों में गर्म हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है। इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और देवास जैसे जिलों में 15 से 17 मई तक तेज लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से काफी ज्यादा है।

दोपहर में सबसे ज्यादा खतरा

मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे के मुताबिक, दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच गर्मी का असर सबसे अधिक रहेगा। इस दौरान लू चलने की संभावना सबसे ज्यादा होती है, जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए लोगों को सलाह दी गई है कि, इस दौरान में घर से बाहर निकलने से बचें और यदि निकलना जरूरी हो तो पूरी सावधानी बरतें।

वॉर्म नाइट ने बढ़ाई परेशानी

इस बार गर्मी की एक और खास बात यह है कि रात में भी तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास और धार में वॉर्म नाइट का अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब है कि, रात के समय भी ठंडक महसूस नहीं होगी, जिससे लोगों की नींद और स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। लगातार गर्म रातें शरीर को थका देती हैं और बीमारियों का खतरा भी बढ़ा देती हैं।

MP weather update

गुरुवार को पारा 44°C के पार

गुरुवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। शाजापुर और नौगांव सबसे ज्यादा गर्म रहे, जहां 44.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा खरगोन में 44.6 डिग्री, खंडवा और रतलाम में 44.5 डिग्री, खजुराहो में 44.3 डिग्री और रायसेन व दमोह में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

अगर बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन में 44 डिग्री, भोपाल में 43.4 डिग्री, जबलपुर में 43.3 डिग्री, इंदौर में 43 डिग्री और ग्वालियर में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यह आंकड़े इस बात का संकेत हैं कि गर्मी अपने चरम की ओर बढ़ रही है।

किन जिलों में ज्यादा असर

प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, मंदसौर, नीमच, झाबुआ, अलीराजपुर, छतरपुर, टीकमगढ़, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली समेत कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
वहीं, जबलपुर, कटनी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और बैतूल जैसे जिलों में तेज गर्मी तो रहेगी, लेकिन लू का अलर्ट नहीं है। इसके बावजूद यहां भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना रहेगा।

बारिश से लू तक... मौसम का यू-टर्न

मध्य प्रदेश में मई की शुरुआत बारिश और आंधी के साथ हुई थी। 30 अप्रैल से 10 मई तक लगातार 11 दिन प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान वेस्टर्न डिस्टरबेंस, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ सिस्टम एक्टिव रहे। हालांकि, 11 मई के बाद जैसे ही ये सिस्टम कमजोर पड़े, मौसम साफ हो गया और तापमान तेजी से बढ़ने लगा। 12 से 14 मई के बीच भी कुछ इलाकों में हल्की गतिविधियां रहीं, लेकिन इसके बाद पूरी तरह गर्मी का असर हावी हो गया।

यह भी पढ़ें: Power Cut Alert! भोपाल के 30 से ज्यादा इलाकों में शुक्रवार को बिजली कटौती, मेंटेनेंस के चलते सप्लाई रहेगी बंद

अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम

आने वाले चार दिन मध्य प्रदेश के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। 15 से 18 मई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। कई जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में सामान्य लू और तेज गर्मी का असर रहेगा। 18 मई तक स्थिति और गंभीर हो सकती है, जब लगभग पूरे प्रदेश में हीट वेव की स्थिति बनने की संभावना है।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर

अधिकतम तापमान (°C)

न्यूनतम तापमान (°C)

भोपाल

43.4

29.8

इंदौर

43.0

28.0

जबलपुर

43.3

28.2

ग्वालियर

41.8

27.5

खंडवा

44.5

25.0

खरगोन

44.6

25.0

रतलाम

44.5

28.2

उज्जैन

44.0

27.0

दमोह

44.0

25.0

सागर

43.6

28.4

स्वास्थ्य पर पड़ सकता है असर

लगातार बढ़ती गर्मी और लू का असर सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और थकान जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। डॉक्टरों का कहना है कि इस समय लापरवाही भारी पड़ सकती है।

बचाव के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है। दिनभर पर्याप्त पानी पीना, शरीर को हाइड्रेट रखना, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनना और धूप में निकलते समय सिर ढकना बेहद जरूरी है। दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष ध्यान में रखना चाहिए।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts