मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर यात्री बस में लगी आग, चंद मिनटों में जलकर हुई खाक, हादसे में कोई जनहानि नहीं

सेंधवा। रविवार सुबह मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर एक स्लीपर कोच यात्री बस में अचानक आग लग गई। घटना बालसमुद बैरियर के पास सत्यम ढाबे के सामने हुई। बस से धुआं निकलता देख चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे खड़ा कर यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
ब्रेक लाइनर और टायर फटने की संभावना बनी आग का कारण
यात्रियों के अनुसार, आग लगने का कारण टायर फटना या ब्रेक लाइनर का चिपकना हो सकता है। घटना से पहले बस के ब्रेक लाइनरों में समस्या थी, जिसे ड्राइवर और कंडक्टर ने चेक भी किया था। लेकिन इसे नजरअंदाज कर बस को यात्रा पर जारी रखा गया। हादसे से ठीक पहले यात्रियों ने धुंआ उठता देखा और ड्राइवर को इसकी सूचना दी।





















