पैंगोलिन और दुर्लभ कछुओं की अंतर्राष्ट्रीय तस्करी मामले में हाईकोर्ट ने सरकार को दी अपील की अनुमति, सीबीआई को भी हस्तक्षेप की मंजूरी

भोपाल। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने दुर्लभ पैंगोलिन और रेड क्राउन रूफ टर्टल की अंतर्राष्ट्रीय तस्करी से जुड़े मामले में राज्य शासन को दांडिक अपील करने की अनुमति दे दी है। कोर्ट ने 2 नवंबर 2026 को पारित आदेश में एमसीआरसी क्रमांक 60275/2021 को स्वीकार करते हुए इसे दांडिक अपील के रूप में पंजीकृत करने के निर्देश दिए हैं। प्रकरण को 21 दिसंबर 2026 से शुरू होने वाले सप्ताह में संबंधित खंडपीठ के समक्ष सूचीबद्ध किया जाएगा। यह मामला सागर की अदालत द्वारा आरोपियों को दी गई राहत के खिलाफ राज्य शासन की याचिका से जुड़ा है।
सीबीआई को भी बनाया गया हस्तक्षेपकर्ता
इस प्रकरण में हाईकोर्ट ने सीबीआई (ईओ-II), नई दिल्ली के आवेदनों को भी स्वीकार कर लिया है। इसी घटना से संबंधित जांच सीबीआई को सौंपी गई थी, जिसके तहत RC-2202023E0019 क्रमांक से मामला दर्ज किया गया। कोर्ट ने सीबीआई को हस्तक्षेपकर्ता के रूप में शामिल होने की अनुमति दी है। साथ ही फरार आरोपियों के संबंध में आगे की कार्रवाई और विवेचना के लिए सागर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के पास उपलब्ध मूल अभिलेखों एवं दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां भोपाल के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं।
सजा घटाने और दोषमुक्त करने के फैसले को चुनौती
मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सागर ने 19 जुलाई 2021 को आरोपियों को दोषसिद्ध किया था। इसके बाद जिला एवं सत्र न्यायालय, सागर ने 27 नवंबर 2021 को अपने फैसले में अधिकांश आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया। वहीं कुछ आरोपियों की सजा सात साल से घटाकर चार साल कर दी गई थी। इस फैसले के खिलाफ राज्य शासन ने हाईकोर्ट में अपील की अनुमति के लिए याचिका दायर की थी। अब हाईकोर्ट की मंजूरी के बाद मामले में दांडिक अपील की सुनवाई का रास्ता खुल गया है।
ये भी पढ़ें: कैबिनेट बैठक की आड़ में पेशी से छूट का दांव फेल, मप्र हाईकोर्ट ने कहा-हाजिर हों IAS अधिकारी तरुण राठी
पैंगोलिन के 300 ग्राम शल्क किए गए थे बरामद
मध्यप्रदेश स्पेशल टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एमपीएसटीएसएफ) ने 5 मई 2017 को सागर में संरक्षित वन्यजीवों के अवैध कब्जे, परिवहन और तस्करी के संबंध में वन अपराध दर्ज किया था। इसमें रेड क्राउन रूफ टर्टल और दुर्लभ पैंगोलिन की तस्करी का मामला शामिल था। जांच के दौरान आरोपी आजाद की निशानदेही पर नंदलाल के घर से करीब 300 ग्राम पैंगोलिन के शल्क बरामद किए गए थे। अधिकृत वन अधिकारियों ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 50 (8) और 50 (9) के तहत आरोपियों के बयान भी दर्ज किए थे।
भारत से बाहर तस्करी करने की थी गिरोह की योजना
प्रारंभिक जांच में एक संगठित वन्यजीव तस्करी गिरोह की संलिप्तता सामने आई थी। जांच के अनुसार गिरोह संरक्षित और विनियमित वन्यजीवों, विशेषकर कछुओं और पैंगोलिन को अवैध रूप से एकत्रित करने, उनका व्यापार करने और परिवहन करने में शामिल था। इसका उद्देश्य इन वन्यजीवों की तस्करी कर उन्हें भारत से बाहर भेजना था। अब राज्य शासन की अपील और सीबीआई की भागीदारी से इस मामले में आगे की न्यायिक कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।
ये भी पढ़ें: मप्र हाईकोर्ट सख्त, राज्य सूचना आयोग के खाली पद जल्द भरने के मुख्य सचिव को दिए निर्देश




















